रायबरेली एसपी ने किया बड़ा फेरबदल, संजय सिंह को हटाकर अजय राय को दी SOG की कमान
रायबरेली, अमृत विचार। अपराध पर अंकुश लगाने और खुलासे में विफल होना एसओजी की कमान संभाल रहे संजय सिंह को भारी पड़ गया। पुलिस अधीक्षक ने परिवर्तन करते हुए संजय सिंह को हटाकर स्थानांतरित होकर आए अजय राय को एसओजी की कमान सौंप दी है।
हाल ही में नसीराबाद थाना क्षेत्र में सोमवार को आभूषण कारोबारी के साथ हुई लूट की घटना के बाद पुलिस अधीक्षक अभिषेक अग्रवाल ने घटनास्थल का निरीक्षण कर घटना का पर्दाफाश करने के लिए निर्देश दिए थे। एसपी ने खुलासे के लिए एसओजी सहित अन्य टीमें लगाई थी। घटना के चार दिन बीतने के बाद भी पुलिस बदमाशों तक नहीं पहुंच पाई है।
अपराध नियंत्रण को लेकर एसपी खासे सख्त है बावजूद जिले के थानों पर तैनात जिम्मेदार जरूर लापरवाह है। एसपी ने घटना का खुलासा न कर पाने वाले एसओजी प्रभारी रहे संजय सिंह को चार्ज से हटा दिया है और अब गैरजनपद से स्थानांतरित होकर आये निरीक्षक अजय कुमार राय को एसओजी का नया प्रभारी बनाया है।
उल्लेखनीय है कि पूर्व में तैनात रहे एसपी का जिले में तैनात कई निरीक्षकों पर हाथ रहा है, क्योंकि पूर्व एसपी और जिले में तैनात कई निरीक्षक उनके साथ अम्बेडकर नगर में तैनात थे। इस वजह से उनके लिये कोई नियम कानून लागू नहीं होता था। इसी का नतीजा रहा है कि एसपी के सबसे ज्यादा कारखास रहे निरीक्षक संजय सिंह को थाने के साथ ही एसओजी का चार्ज दे दिया गया था।
फिलहाल अब नवागत एसपी ने अजय पर भरोसा जताया हैं। निरीक्षक अजय इससे पहले लखीमपुर खीरी के खमरिया थाने में प्रभारी निरीक्षक थे। वह वहां पर कई थानों के प्रभारी भी रह चुके है। सात जनवरी को रिलीव हुए कोतवाल का रायबरेली में आमद कराने पर पहली तैनाती हैं।
यह भी पढ़ें:-भगवान राम के अस्तित्व को नकारने वालों में अयोध्या जाने की हिम्मत नहीं, कांग्रेस पर उमा भारती का तंज
