बदायूं: किसान को मारी गोली, खेत में पशु जाने को लेकर हुआ था विवाद

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कादरचौक, अमृत विचार: खेत में पशु जाने को लेकर गुरुवार शाम दो किसानों में विवाद हो गया। कहासुनी और गाली-गलौज हुई। ग्रामीणों ने मामला शांत करा दिया। देर रात उनमें से एक किसान पैर में गोली लगने से घायल हो गया। सूचना पर पुलिस पहुंची। किसानों से पूछताछ की और घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है।

कादरचौक थाना क्षेत्र के गांव मुंशी नगला निवासी बहार मियां (35) पुत्र मुशीर खेती करके अपने परिवार का पालन पोषण करते थे। गुरुवार देर शाम वह खेती पर फसल की रखवाली कर रहे थे। पास में ही गांव नब्बी नगला निवासी सद्दीक का खेत है। दोनों के खेत में छुट्टा पशु आकर फसल नष्ट कर रहे थे।

दोनों किसानों को एक-दूसरे पर अपने खेत में छुट्टा पशु भगाने का शक था। दोनों में कहासुनी होती रहती थी। गुरुवार शाम लगभग छह बजे दोनों के बीच विवाद हो गया था। आसपास खेतों पर काम कर रहे किसानों ने बीच बचाव कराया। रात लगभग 11 बजे बहार मियां खेत पर थे।

वह गोली लगने से घायल हो गए। गोली उनके पैर में लगी। सूचना मिलने पर एसओ उदयवीर सिंह मौके पर पहुंचे। किसानों से पूछताछ की लेकिन घटना की पुष्टि नहीं हुई। घायल किसान ने सिद्दीक और उनके परिजनों पर गोली मारने का आरोप लगाया है। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। एसओ ने बताया कि सूचना पर मौके पर पहुंचे थे। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध लग रहा है। तहरीर आने के बाद जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- बदायूं: फसल की सिंचाई करने गए युवक का फंदे पर लटका मिला शव

संबंधित समाचार