Ram Mandir Pran Pratishtha: 22 जनवरी को यूपी समेत इन राज्यों में रहेगा Dry Day, जानिए कहां-कहां रहेगी छुट्टी
लखनऊ। अयोध्या में नवनिर्मित राम मंदिर में 22 जनवरी को भगवान राम की प्राण-प्रतिष्ठा का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में देश दुनिया से हजारों लोग शामिल होंगे, इसके अलावा करोड़ों लोग अपने-अपने घरों पर दीप जलाकर उत्सव मनाएंगे। जिसे लेकर देश के अलग-अलग राज्यों में छुट्टी घोषित की गई है।

भगवान राम प्राण प्रतिष्ठा के इस पावन मौके पर उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, हरियाणा, महाराष्ट्र और गोवा में छुट्टी की घोषणा की गई है। इसके अलावा राजस्थान, गुजरात और उत्तराखंड सरकार ने 22 जनवरी को आधे दिन की छुट्टी की घोषणा की है।

इतना ही नहीं कई राज्यों में इस विशेष दिन के मौके पर ड्राई डे का भी एलान किया है। इसका मतलब ये है कि 22 जनवरी को इन राज्यों में न तो वाइन खरीदी जा सकेगी और न ही शराब बिकेगी। इन राज्यों में सभी देशी शराब, विदेशी शराब की खुदरा दुकानें, होटल, बार क्लब आदि बंद ही रहने वाले हैं।

जिन राज्यों में ड्राई डे रहने वाला है, उनमें उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, हरियाणा और असम के नाम शामिल है। इन सभी राज्यों के सीएम ने आधिकारिक तौर पर एलान किया है कि प्रदेश में ड्राई डे रहेगा। रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा के कार्यक्रम वाले दिन लोग अपने घर और आस-पास के मंदिरों में दीप प्रज्वलित कर दीपोत्सव मना सकते हैं और राम के भजन गाकर अयोध्या के कार्यक्रम में दिल से शामिल हो सकते हैं।
