काशीपुर: ग्राम अहरपुरा में एक घर में लगी आग, हजारों रुपये का सामान जला
काशीपुर, अमृत विचार। ग्राम अहरपुरा में एक घर में सुबह अचानक आग लग गई। आग से घर में रखा सारा घरेलू सामान जल गया। सूचना पर पहुंची फायर बिग्रेड की टीम ने बमुश्किल आग पर काबू पाया। आग से हजारों रूपये के नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
शनिवार सुबह तड़के पैगा चौकी क्षेत्र के ग्राम अहरपुरा निवासी गौरव कुमार के मकान में आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। जिससे वहां हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने पाली डाल आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक घर का सारा सामान जलकर राख हो चुका था।
गनीमत रही कि अग्निकांड में कोई जनहानि नहीं हुई। आग से हजारों रूपये के नुकसान होने की संभावना जताई जा रही है। फायर टीम में प्रभारी फायर स्टेशन चंदन सिंह बिष्ट, लीडिंग फायरमैन खीमानंद, फायरमैन पुष्कर सिंह, जयपाल व चालक संदीप शर्मा शामिल रहे।
