बरेली: भीषण ठंड के बीच खिली धूप से मिली राहत, पार्कों में फिर लौटी रौनक
बरेली, अमृत विचार। काफी दिनों से हाड़ कंपाती ठंड के बीच आज धूप निकलने से लोगों ने राहत की सांस ली है। बता दें कि आज सुबह से ही बीते दिनों की अपेक्षा मौसम साफ था, इस बीच जैसी ही सुबह के 11 बजे आसमान में सूर्य देव के दर्शन के साथ मौसम खुशनुमा हो गया। जिससे कई दिनों बाद धूप निकलने से लोगों के चेहरे भी खिल उठे।
दरअसल, पूस महीने की शुरुआत से ही पड़ने वाली भीषण ठंड ने लोगों का जन-जीवन अस्त व्यस्त कर दिया है। वहीं इस बीच आसमान में सूर्य के दर्शन होने तक दुश्वार हो गए थे। जिससे लोग ठंड के प्रकोप से बचने के लिए घरों में दुबकने को मजबूर थे। लेकिन शनिवार को निकली धूप ने लोगों को राहत देने का काम किया है। कई दिनों बाद निकली धूप को देखकर शहर के लोगों ने अपने दोस्तों और परिवार के साथ घर की छतों के साथ ही पार्कों का रुख किया। जहां शहरवासी धूप का आनंद लेते नजर आए।
वहीं पार्कों में पहुंचे बच्चों ने भी धूप के बीच जमकर आनंद उठाया। इसके साथ ही कई दिनों से ठंड के चलते घरों में दुबके लोग अपने काम-काज के लिए बाहर निकले तो सड़कें भी गुलजार नजर आईं। फिलहाल काफी दिनों बाद कड़ाके की भीषण ठंड के बीच धूप निकलने से लोगों को काफी राहत मिली है।
ये भी पढ़ें- बरेली: 'कप्तान से मेरी जान पहचान... दो दिन में बरामद होगी बेटी', शख्स ने महिला को लगाई 25 हजार की चपत
