रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह पर मंडराया Cyber attack का खतरा, Alert जारी
लखनऊ, अमृत विचार। कल होने वाले श्रीरामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह पर साइबर अटैक होने की चेतावनी जारी की गयी है। यूपी के मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र की तरफ से अलर्ट जारी करते हुए वेबसाइटों और पोर्टलों की साइबर सुरक्षा को लेकर निर्देश दिए गए हैं। मुख्य सचिव ने सभी विभागाध्यक्षों, अपर मुख्य सचिवों, प्रमुख सचिवों और सचिव स्तर के अधिकारीयों को साइबर अटैक की स्थिति में अलर्ट जारी कर प्रभावी कदम उठाने को कहा है।
गौरतलब है कि अयोध्या धाम में श्रीरामलला का भव्य प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम कल आयोजित होगा। इसके पहले अयोध्या में कुछ संदिग्ध एटीएस ने पकडे थे जो यहाँ रेकी कर बड़ी वारदात को अंजाम दे सकते थे। इनके तार बब्बर खालसा से जुड़े आतंकियों से कनेक्ट बताये जा रहे हैं। इसके आलावा लोगों के पास रामजन्मभूमि के नाम पर चंदा देने, मुफ्त प्रसाद वितरण के लिए, वीआईपी पास एवं एंट्री पास देने के नाम पर फेक मैसेज भेजे जा रहे हैं। अयोध्या पुलिस ने हाल ही में ऐसे ही एक मामले में कार्रवाई करते हुए एक भारतीय अमेरिकन नागरिक को गिरफ्तार कर जेल भी भेजा है। आरोप है कि इस नागरिक ने 16 लाख से ज्यादा लोगों को ठगा है। इस ठग ने लोगो से ऑनलाइन आर्डर के माध्यम से करीब 10.5 करोड़ रुपए की ठगी/ धोखाधड़ी अब तक की गई है।
ये होता है साइबर अटैक
किसी भी कंपनी के पूर्व निर्धारित प्रोग्राम में ऑनलाइन सेंध लगाकर उससे सम्बंधित डाटा को लीक कर दिया जाता है। साइबर अटैकर्स आपके प्रोग्राम को निष्क्रिय कर उसमें एक मालवेयर की एंट्री करा देते हैं और उस प्रोग्राम को अपने मुताबिक चलते हैं। कई बार वो इसके माध्यम से पूरी दुनिया में अपने अजेंडे को आपके प्लेटफार्म के जरिये प्रसारित कर आपकी छवि को धूमिल करते हैं। साइबर सिक्योरिटी एक्सपर्ट्स के अनुसार कई बार ये पेशेवर हैकर्स या अटैकर्स देश की सुरक्षा और आतंरिक गोपनीय बातों को दुश्मन देशों के साथ साझा कर उनसे पैसा वसूलते हैं। इतना ही नहीं जिस साइट को उन्होंने अटैक कर हैक किया है उस सम्बंधित कंपनी से भी वो तगड़ा रैनसम वसूल लेते हैं।
भ्रामक मैसेज आने पर करें रिपोर्ट
अगर आपके पास भी कोई ऐसा कॉल या मैसेज आता है तो आप उनके झांसे में न आए और राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन (1930) पर कॉल करके इसकी जानकारी दें। जिससे इन ठगों को पकड़ा जा सके। इसके साथ ही आप साइबर क्राइम को रोकने के लिए बनाए गए पोर्टल cybercrime.gov.in पर भी जाकर ऐसे लोगों की रिपोर्ट कर सकते हैं।
ये भी पढ़ें -Video : RSS सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत पहुंचे लखनऊ, प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में होंगे शामिल
