Kanpur: सुसाइड नोट लिखकर लापता हुआ था छात्र… पांच दिन बाद भी नहीं लगा सुराग, पुलिस ने खंगाले क्वार्टर, नाले और नहर
कानपुर में सुसाइड नोट लिखकर लापता हुए छात्र का सुराग नहीं लग सका।
कानपुर में सुसाइड नोट लिखकर लापता हुए छात्र का सुराग नहीं लग सका। पुलिस ने छात्र की तलाश में क्वार्टर, नाले और नहर खंगाले।
कानपुर, अमृत विचार। अर्मापुर थानाक्षेत्र में ऑनलाइन गेम खेलते समय पिता के खाते से 50 हजार रुपये कटने के बाद इंटर का छात्र सुसाइड नोट लिखने के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। छात्र को गायब हुए छह दिन बीत चुके हैं। लेकिन अब तक उसका कोई सुराग पुलिस को नहीं लगा है।
परिजन, पुलिस के साथ रात दिन अर्मापुर के खाली क्वार्टर, नाले और नहर तलाशने में लगे हैं। लेकिन अब तक उन्हें कोई सफलता हाथ नहीं लगी है। पुलिस के दबाव के कारण परिजन भी मीडिया कर्मियों से बात से इंकार कर रहे हैं।
अर्मापुर निवासी ऑर्डिनेंस कर्मी नितेश सिंह के पुत्र नितिन की तलाश में पुलिस लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है। कैंपस के बाहर लगे कैमरे में भी उसके न दिखने के बाद शनिवार को अर्मापुर पुलिस ने कैंपस में खाली बने क्वार्टर खंगाले। लेकिन नितिन नहीं मिला। अर्मापुर थाना प्रभारी राममूरत पटेल ने बताया पुलिस टीम ने पनकी नहर और उसके आसपास बहने वाले नाले और अन्य इलाके खंगाल डाले। लेकिन कहीं कुछ हाथ नहीं लग सका।
पुलिस की एक टीम छात्र के पिता के साथ सभी जगहों पर उसे ढूंढ रही है। जीआरपी और अन्य जिलों की पुलिस से भी अपडेट लिया जा रहा है। वहीं बेटे के जाने से दुःखी मां की तबीयत खराब है। वह किसी से मिलकर बात करने की स्थिति में नहीं है। थाना पुलिस के अनुसार अब पुलिस सोशल मीडिया, पोस्टर चस्पा कर उसे ढूंढने का प्रयास करेगी।
ये भी पढ़ें- Ayodhya Ram Mandir: हाईअलर्ट पर सेंट्रल स्टेशन, आरपीएफ और जीआरपी ने ट्रेन से लेकर प्लेटफार्म पर की चेकिंग
