बदायूं: शेखूपुर चीनी मिल ने किया चालू सत्र का भुगतान, किसानों में खुशी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बदायूं, अमृत विचार: किसान सहकारी शेखूपुर चीनी मिल ने चालू पेराई सत्र का 11 जनवरी तक का 18 करोड़ 20 लाख का भुगतान कर दिया है। गन्ने का भुगतान मिलने से किसानों ने खुशी का इजहार किया है। चीनी मिल प्रशासन ने गन्ना किसानों से समय पर गन्ना लाने का आवाहन किया है।

किसान सहकारी चीनी मिल लि. शेखूपुर के प्रधान प्रबंधक किशन लाल ने बताया कि चीनी मिल द्वारा वर्तमान पेराई सत्र 2023-24 के प्रथम व द्वितीय भुगतान में 8 करोड़ 48 लाख का गन्ना मूल्य भुगतान पूर्व में किया जा चुका है । उन्होंने बताया कि 11 जनवरी तक के गन्ना मूल्य के भुगतान हेतु रुपए 972 लाख सहकारी गन्ना विकास समिति को दे दिए गए हैं। इस प्रकार अब तक कुल रुपए 18 करोड़ 20 लाख का भुगतान कर दिया गया है।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में तृतीय गन्ना मूल्य 19 दिसंबर से 31 दिसंबर 2023 तक का साढ़े पांच करोड़ का भुगतान 19 जनवरी को सचिव सहकारी गन्ना विकास समिति को कृषकों के भुगतान के लिए  दिया गया है। तथा 1 जनवरी से 11 जनवरी तक का गन्ना मूल्य 4 करोड़ 22 लाख का भुगतान 20 जनवरी को कृषको के भुगतान हेतु सचिव सहकारी गन्ना विकास समिति को भेज दिया गया है। इस प्रकार मिल द्वारा वर्तमान सत्र का कुल धनराशि 18 करोड़ 20 लाख का गन्ना मूल्य भुगतान कर दिया गया है।

प्रधान प्रबन्धक द्वारा मिल को गन्ना आपूर्तिकर्ता कृषकों से अपील की गई है कि किसान मिल को साफ-सुथरा, जड़, पत्ती, अगोला रहित ताजा गन्ना आपूर्ति करने के साथ-साथ, अधिक से अधिक अपना गन्ना इस मिल समिति को आपूर्ति करें।

चीनी मिल प्रबंधक किशन लाल ने बताया कि जिले के अधिकांश किसान यहां पर गन्ना लाते हैं उन्हें भुगतान के लिये परेशान नही होना पड़ता है। समय पर भुगतान मिलने से किसानों में खुशी है। मिल की बेहतर मरम्मत होने के कारण पूरा समय पर हो रही है, जिससे किसानों को भी गन्ने की तौल कराने में कोई परेशानी नहीं हो रही है।

यह भी पढ़ें- बदायूं: बिसौली नगर पालिका का चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी निलंबित, जानें पूरा मामला

संबंधित समाचार