लखनऊ : केजीएमयू में कल चलेगी ओपीडी, छुट्टी रद्द

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार। अयोध्या (Ayodhya) में मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम की जन्मभूमि पर सोमवार यानी 22 जनवरी को होने वाले प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के दिन किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय में सामान्य दिनों की तरफ ओपीडी सेवायें बहाल रहेंगी। शनिवार रात यह आदेश केजीएमयू प्रशासन की तरफ से जारी कर दिया गया है। इससे पहले केजीएमयू प्रशासन की तरफ से ओपीडी बंद रखने के आदेश जारी हुये थे, लेकिन बाद में यह आदेश वापस ले लिया गया।

दरअसल, शनिवार को दिन में केजीएमयू प्रशासन की तरफ से बताया गया था कि किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी में 22 जनवरी के दिन ओपीडी सेवाएं बंद रहेंगी, केवल इमरजेंसी सेवायें ही संचालित होगी, लेकिन शनिवार रात यह आदेश रद्द करते हुये 22 जनवरी को ओपीडी और इमरजेंसी सेवायें पूरी क्षमता के साथ चलाने का आदेश जारी किया है। साथ ही हाई अलर्ट पर भी रहने को कहा गया है।

पीजीआई: ओपीडी में नए मरीज नहीं देखे जाएंगे

उत्तर प्रदेश सरकार की तरफ से 22 जनवरी  को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। जिसके तहत संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान में 22 जनवरी यानी की सोमवार को ओपीडी में नये पंजीकरण नहीं होंगे। जिन पुराने रोगियों को ओपीडी परामर्श के लिये पहले से ही तारीख दी गयी है, उन्हे ओपीडी में देखा जायेगा व जिन रोगियों की विभिन्न विभागों में जाँचो की तारीख है, उनकी जांचे भी होंगी। 24 hrs lab यथावत चलेगी। वहीं ओपीडी सैम्पल कलेक्शन बंद रहेगा आकस्मिक सेवाएं जारी रहेंगी।

लोहिया संस्थान में ओपीडी सेवाएं रहेंगी जारी

22 जनवरी को भले ही अवकाश का दिन घोषित किया गया हो, लेकिन डॉक्टर राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में चिकित्सा सुविधा अलर्ट मोड पर रहेगी। इमरजेंसी सेवाओं की तरह ओपीडी सेवाएं भी जारी रहेगी। मरीजों के लिए सामान्य दिनों की तरह ओपीडी व्यवस्था संचालित होगी। जिसके चलते पर्चा काउंटर और बिलिंग काउंटर भी खुले रहेंगे।

यह भी पढ़ें : अयोध्या: लंदन के 40 मंदिरों में प्राण प्रतिष्ठा पर रामोत्सव की तैयारी, दिवाली जैसा होगा नजारा

संबंधित समाचार