मुरादाबाद : बाजारों और कॉलोनियों को दुल्हन की तरह सजाया, स्वागत के लिए जमकर हुई खरीदारी
मुरादाबाद, अमृत विचार। वर्षों का इंतजार आज समाप्त होगा। अयोध्या में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा का कार्यक्रम आज होना है। इसे लेकर जिले भर में उल्लास का माहौल है। इस दिन को भव्य रूप से मनाने के लिए रविवार को सभी प्रकार की तैयारियां को अंतिम रूप दिया गया। मंदिरों में साफ-सफाई से लेकर मिठाई की खरीदारी तेज हुई।
श्री रामलला की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर जिले में रविवार को विभिन्न कार्यक्रम हुए। वहीं आज महानगर के प्रमुख बाजारों से लेकर गली मोहल्लों में सुंदरकांड, भंडारा सहित अन्य धार्मिक अनुष्ठान होंगे। जगह-जगह प्रसाद वितरण किया जाना है। इसे लेकर बेसन के लड्डू सहित अन्य मिठाइयों की जमकर खरीदारी हुई। कारोबारियों ने बताया कि बूंदी के लड्डू की सबसे अधिक मांग रही है। बताया कि राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर लोगों में उत्साह है। इसके लिए विशेष तरह के डिब्बे तैयार कराए गए हैं। बताया कि इस दिन के लिए काफी आर्डर मिले हैं। जिनको पूरा कर लिया गया था। कुछ ने आर्डर रविवार को लिया तो कुछ लोग सोमवार को लेंगे।
मंदिरों की साफ-सफाई के साथ की गई लाइटिंग
महानगर के मंदिरों में रामलला के स्वागत के लिए साफ-सफाई का कार्य किया गया। वैसे तो मंदिरों में सफाई का काम काफी दिनों से चल रहा था। रविवार को इसे अंतिम रूप दिया गया। मंदिरों को फूल मालाओं से सजाया गया। लाइटिंग का काम भी किया गया। इसके अलावा मंदिरों में सुंदरकांड व रामचरितमानस के पाठ शुरू हो गए हैं।
श्रीराम के ध्वज व बैनरों की जमकर खरीदारी
नगर व ग्रामीण क्षेत्र के मंदिरों के अलावा प्रतिष्ठानों व घरों में भगवा व जय श्रीराम के ध्वज एवं बैनर लगे थे। विहिप के कार्यकर्ता श्रीराम भक्तों को 22 जनवरी को अयोध्या में श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा के कार्यक्रमों से जुड़ी जानकारी देते दिखे। अयोध्या में आयोजित अनुष्ठान के चलते क्षेत्र में सभी मंदिरों व घरों में सुंदरकांड पाठ व भजन कीर्तन के आयोजन किए गए। श्रद्धालुओं द्वारा प्रभु श्रीराम के ध्वज व बैनरों की जमकर खरीदारी हुई। सायंकाल में मंदिरों व घरों को बिजली की झालरों से सजाने एवं दीप प्रज्वलित करने की तैयारी में श्रीराम भक्त लगे रहे। जिसके चलते मंदिरों व घरों के आसपास सफाई की गई। कई क्षेत्रों में लोगों ने सामूहिक रूप से सफाई की।
ये भी पढ़ें:- रामपुर : कण-कण में बस राम ही राम धुन के साथ राममय हुई फिजा, जयकारों के बीच रामभक्तों ने श्रीराम यात्रा निकाली
