सीतापुर : अराजक तत्वों ने खंडित की अंबेडकर प्रतिमा, ग्रामीणों में आक्रोश
पुलिस ने समझा बुझाकर ग्रामीणों को कराया शांत,लगवाई दूसरी प्रतिमा
इमलिया सुल्तानपुर/ सीतापुर। अमृत विचार। थाना इलाके में अराजक तत्वों द्वारा भीमराव अम्बेडकर मूर्ति का हाथ तोड़कर खंडित कर दिया। मूर्ति खंडित होते ही स्थानीय ग्रामीण आक्रोशित हो गए। सूचना पाते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों से वार्ता की। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने आक्रोशित ग्रामीणों को शांत कराया और खंडित मूर्ति को हटाकर दूसरी मूर्ति स्थापित कराई।
जानकारी के अनुसार,क्षेत्र के चठिया गांव में लगी बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की मूर्ति का किसी अराजक तत्व ने हांथ तोड़कर खंडित कर दिया। सोमवार की सुबह ग्रामीणों ने जब खंडित मूर्ति को देखा तो ग्रामीण आक्रोशित हो गए और काफी संख्या में लोग वहां पर जमा हो गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंचे सीओ महोली अरुण सिंह, प्रभारी निरीक्षक इमलिया प्रभातेश श्रीवास्तव, प्रभारी निरीक्षक महोली उमाकांत शुक्ला, पिसावां व महिला थाना पुलिस व डायल 100 सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचकर मामले को शांत कराया। पुलिस ने आक्रोशित लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील करते हुए सभी को काफी समझा- बुझा कर शांत कराया। ग्रामीणों के शांत होने के बाद पुलिस ने खंडित मूर्ति को हटवाकर वहां पर दूसरी मूर्ति मंगवाकर लगवाई। जिसके बाद ग्रामीणों का हंगामा खत्म हुआ।
