प्रयागराज: तीन दिनों में चार नाबालिग बच्चों की मौत, आश्रय स्थलों में तोड़ा दम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

प्रयागराज, अमृत विचार। यूपी के प्रयागराज जिले में स्थित राजकीय व एक निजी आश्रयस्थल में तीन दिनों के अंदर चार नाबालिगों की मौत हो गई है। इनमें से एक 17 साल जबकि तीन क्रमश: दो दिन, तीन साल व नौ साल के थे। सभी की मौत कारण बीमारी बताया जा रहा है। इनमें से दो का पोस्टमार्टम रविवार को कराया गया।

जानकारी के मुताबिक राजकीय बालिका गृह खुल्दाबाद के फतेहपुर के खखरेरू की रहने वाली 17 साल की किशोरी काफी दिनों से रह रही थी। वह 12 जनवरी से बीमार चल रही थी और उसे इलाज के लिए एसआरएन में भर्ती कराया गया था। 19 जनवरी को उसकी मौत की जानकारी उसके घरवालों को दी गई, लेकिन परिजन नहीं पहुंचे। खुल्दाबाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम कराया है। 

वहीं म्योराबाद स्थित मिशनरीज ऑफ चैरिटीज के आश्रयस्थल में भर्ती नौ साल की बालिका ने बीमारी से दम तोड़ दिया। बताया गया कि वह कानपुर की रहने वाली थी जो बीमार थी। आश्रयस्थल में ही रखकर उसका इलाज कराया जा रहा था, इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

इससे पहले 20 जनवरी को राजकीय शिशु गृह खुल्दाबाद में तीन साल की बच्ची व एक नवजात की मौत हो गई थी। बच्ची चित्रकूट और नवजात आजमगढ़ से प्रयागराज भेजा गया था। दोनों का इलाज सरोजनी नायडू बाल चिकित्सालय में चल रहा था। इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। खुल्दाबाद व कर्नलगंज पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम कराया गया है।

एक किशोरी समेत चार बच्चों की मौत हुई है। इसमें एक बच्चा मिशनरी के शेल्टर होम में था। खुल्दाबाद के राजकीय शिशुगृह में किशोरी की किडनी में संक्रमण था। उसे एसआरएन में भर्ती कराया गया था, जहां उसकी मौत हुई है। दो बच्चे कम वजन के थे। उनका भी इलाज कराया जा रहा था, लेकिन बचाया नहीं जा सका..., सर्वजीत सिंह, जिला प्रोवेशन अधिकारी।

यह भी पढ़ें:-रामलला प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम LIVE: भए प्रकट कृपाला दीनदयाला... प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान संपन्न, पीएम ने रामलला को किया दंडवत प्रणाम, photos-videos

संबंधित समाचार