बाराबंकी : सामने थे बजरंगबली, प्राण-प्रतिष्ठा से जुड़ हुए रामलला के दर्शन
रामभक्तों का उमड़ा जनसैलाब, खूब हुआ जय श्री राम व बजरंग बली का उदघोष
बाराबंकी, अमृत विचार। श्री राम लला प्राण प्रतिष्ठा को लेकर शहर से लेकर कस्बों तक धार्मिक स्थलों पर एलईडी के माध्यम से लाइव प्रसारण देखा गया। शहर के धनोखर चौराहा स्थित हनुमान मंदिर की छत पर एलईडी के माध्यम से श्रद्धालुओं ने राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा का समारोह का लाइव प्रसारण देखा। इस स्थान पर भारी संख्या में रामभक्तों का हुजूम उमड़ा। इस पल को लोगों ने अपने कैमरों में कैद किए। जिले के अन्य धार्मिक स्थलों पर भी एलईडी लगाकर रामभक्त सीधे अयोध्या में हो रहे प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम से जुड़े।
सोमवार को रामनगरी अयोध्या में प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल समेत भाजपा ने शहर के कई स्थानों पर एलईडी की व्यवस्था की थी ताकि लोग प्राण-प्रतिष्ठा का कार्यक्रम सामूहिक रुप से देख सकें। शहर के हृदय स्थली कहे जाने वाले धनोखर चौराहे का नाजारा तो एक दम अलग दिखा। यहां पर मौजूद रामभक्तों को अयोध्या से प्राण-प्रतिष्ठा का सीधा प्रसारण देखने के जहां भगवान श्रीराम के साक्षात दर्शन हुए वहीं सामने दिख रहे रामभक्त हनुमान के भी दर्शन होने से आर्शीवाद मिल रहा था। यही वजह रही कि इस स्थान पर रामभक्तों की भारी भीड़ उमड़ी।

सुरक्षा को लेकर भारी संख्या में पुलिस बल मुस्तैद रहा। लोग प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम से जुड़ने के साथ मंदिर में पहुंच कर बजरंग बली के दर्शन भी किए और प्रसाद भी चढ़ाया। इसके साथ ही जिले रामनगर, फतेहपुर, हैदरगढ़, रामसनेहीघाट और सिरौलीगौसपुर तहसील क्षेत्रों के धार्मिक स्थलों पर भक्तों से एलईडी या टीवी के जरिए प्राण-प्रतिष्ठा का सीधा प्रसारण देखा।
ये भी पढ़ें -बाराबंकी : चरम पर दिखा प्रभु श्री राम की प्राण प्रतिष्ठा का उत्साह
