Ram Mandir: आ गये रघुनंदन सजवा दो द्वार द्वार, सजी नगरिया है सारी… प्राण प्रतिष्ठा होते ही चारों ओर गूंजने लगे घंटा घड़ियाल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

प्राण प्रतिष्ठा होते ही इटावा में चारों ओर घंटा घड़ियाल गूंजने लगे।

प्राण प्रतिष्ठा होते ही इटावा में चारों ओर घंटा घड़ियाल गूंजने लगे। मंदिरों व घरों में खूब सजावट की गई। दीपों से जिले का कोना कोना जगमग हुआ।

इटावा, अमृत विचार। आ ही गये रघुनंदन सजवा दो द्वार द्वार, स्वर्ण कलश रखवा दो बंधवा दो बंधन बार। सजी नगरिया है सारी नाचे गावे नर नारी, अब खुशियां मनाओ गाओ री मंगलचार मौका था अयोध्या में श्री रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का 500 वर्षों के बाद भव्य और दिव्य राम मंदिर में भगवान की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर सनातन धर्मावलंबियों का उत्साह चरम पर था।

सोमवार को जहां एक ओर अयोध्या में भगवान की प्राण प्रतिष्ठा की गई। वहीं जिले में भी इस मौके पर उत्साह उमंग और उल्लास का वातावरण था हर तरफ मंगल गीत व बधाईयाँ गाये गए।

दिन भर धार्मिक कार्यक्रमों की धूम रही वही शाम से ही जिले का कोना-कोना दीपों से जगमगा उठा। ऐसा लग रहा था मानो कार्तिक मास की अमावस्या को मनाया जाने वाला दीपावली का त्यौहार मनाया जा रहा हो। सुबह से लेकर देर रात तक हर तरफ जय श्री राम के जय घोष गुंजायमान होते रहे।

जिस दिन से अयोध्या के भव्य राम मंदिर में श्री रामलला के प्राण प्रतिष्ठा की तिथि घोषित हुई थी उसी दिन से ही चारों ओर खुशियों का माहौल बन गया था। हर राम भक्त 22 जनवरी की तिथि का बेसब्री से इंतजार कर रहा था। जिले में रविवार की सुबह से ही कार्यक्रमों की धूम शुरू हो गई थी लेकिन सोमवार को प्राण प्रतिष्ठा के दिन हर तरफ उल्लास व उमंग का माहौल दिखाई दिया।

बच्चों से लेकर बुजुर्ग युवाओं से लेकर युवतियां पुरुषों से लेकर महिलाएं तक प्राण प्रतिष्ठा के जश्न में सरावोर दिखाई दिए। मंदिरों से लेकर हिंदू घरों में कार्यक्रमों की धूम रही। श्री रामचरितमानस के अखंड पाठ के साथ सुंदरकांड का पाठ राम नाम का जाप भजन कीर्तन संकीर्तन व जगह-जगह भव्य भंडारे आयोजित हुए और खूब मिठाई भी बॉटी गयी।

मंदिरों व घरों के साथ सरकारी कार्यालयों को भी बिजली की रंग बिरंगी लाइटों व फूलों से दीपावली की तरह सजाया गया था और शाम के समय दीप मलिका सजाने के साथ जमकर आतिशबाजी भी चलाई गई और प्राण प्रतिष्ठा की खुशी में चारों ओर केसरिया पताकायें फहरायी गई और श्री राम यात्रा के साथ प्रभात फेरिया भी निकली गई। मुहूर्त के अनुसार जब राम मंदिर के गर्भ ग्रह में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा हुयी तो समय हर तरफ घंटे घड़ियाल बजने लगे। इष्टिकापुरी अर्थात इटावा की धरती पर अयोध्या धाम सा नजारा दिखाई दिया।

प्राण प्रतिष्ठा होते ही चारों ओर गूंजने लगे घंटा घड़ियाल

अयोध्या में श्री रामलला की प्रतिष्ठा बहुत ही दुर्लभ योग व नक्षत्र में हुई है । दोपहर 12:30 बजे जैसे ही प्राण प्रतिष्ठा हुई हर तरफ शंख वा घंटे घड़ियालों के साथ भगवान के जय घोष गूंजने लगे और हर तरफ आतिशबाजी भी चलाई जाने लगी। मंदिरों में हवन पूजन के साथ राम दरबार का विशेष श्रृंगार भी किया गया था।हर कोई भगवान की प्राण प्रतिष्ठा कासाक्षी बनने को आतुर दिखाई दिया क्यों कि अब यह दिन यह पल दोबारा आने वाला नहीं है।

ये भी पढ़ें- Kanpur LIVE Coverage: एक ही नारा एक ही नाम... जय श्री राम जय श्री राम के नारों से गूंज रहा शहर, घरों में लोग कर रहे सुंदरकांड, यहां देखें- पल-पल की अपडेट

 

संबंधित समाचार