बदायूं: घर में घुसकर महिला से दुष्कर्म की कोशिश, फाड़े कपड़े, पति आया तो कर दी फायरिंग 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पुलिस ने नहीं की सुनवाई तो कोर्ट की शरण में गई थी पीड़ित महिला

बदायूं, अमृत विचार। घर में महिला को अकेली देखकर दो भाइयों ने उसके साथ अश्लीलता की और गलत काम करने की कोशिश की। विरोध करने पर गाली-गलौज और मारपीट की। महिला का पति पहुंच गया तो आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए फायरिंग की। शिकायत करने पर भी पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो महिला कोर्ट की शरण में गई। कोर्ट के आदेश पर आरोपी दो भाइयों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके पुलिस ने उनकी तलाश शुरू कर दी है।

सदर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी महिला ने कोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि 7 नवंबर रात 10 बजे उनके पति और बच्चे घर के बाहर थे। वह घर पर अकेली थीं। आहट सुनकर उन्होंने मकान का दरवाजा खोला। गेट पर दो भाई सौरभ साहू और सन्नू साहू खड़े थे। महिला के पति से मिलने को कहा। महिला ने बताया कि अभी पति घर पर नहीं हैं। आरोप है कि दोनों भाई घर में घुस आए। महिला को जमीन पर गिराकर अश्लील हरकत करने लगे। महिला के विरोध करने पर गाली-गलौज और मारपीट की। उसके कपड़े फाड़ दिए। गलत काम करने का प्रयास किया। 

इसी दौरान उनके पति बाजार से आ गए। सौरभ साहू ने तमंचा निकाल लिया और महिला और उसके पति को जान से मारने की धमकी दी और फायरिंग कर दी। गोली की आवाज सुनकर पड़ोसी आ गए। डर की वजह से महिला ने पुलिस से शिकायत नहीं की। अगले दिन महिला ने पुलिस से शिकायत की लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की।

9 नवंबर को डाक से एसएसपी को प्रार्थना पत्र दिया। फिर भी पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। जिसके चलते महिला मजबूरन कोर्ट की शरण में गई। कोर्ट के आदेश पर आरोपी मोहल्ला फकीरी सराय निवासी दोनों भाई सौरभ साहू और सन्नी साहू के खिलाफ छेड़छाड़, जबरन घर में घुसने, मारपीट और धमकाने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई है।

ये भी पढ़ें- बदायूं: धोखाधड़ी करके बेच दी वैन, बरेली के युवक पर रिपोर्ट

संबंधित समाचार