रामलला के प्राण प्रतिष्ठा को लेकर राममय हुआ लखनऊ, भंडारे-शोभा यात्रा का आयोजन, लोगों में दिखा उत्साह
अमृत विचार, लखनऊ। अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा होने के बाद राम मंदिर में रामलला विराजमान हो गए है। भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर उत्तर प्रदेश ही नहीं बल्कि पूरे देश में उत्साह है। रामलला के विराजमान होने को लेकर राजधानी लखनऊ में लोगों ने जगह-जगह पर कई कार्यक्रम आयोजित किए। कहीं मंदिरों में पूजन अर्चन तो कहीं भजन के कार्यक्रम हो रहे है। इसके अलावा लोग सड़कों पर मिठाई बांटते और पटाखे छुड़ाते भी नजर आए। साथ ही सड़कों पर लोग अपनी गाड़ियों में राम ध्वज लगाकर जय श्री राम के नारे के साथ घूमते हुए जश्न मना रहे हैं। ऐसे में पूरा लखनऊ राममय में डूबा हुआ नजर आया।
.jpg)
बता दें कि राम लला के प्राण प्रतिष्ठा को लेकर राजधानीवासी काफी ज्यादा उत्साहित हैं। राजधानीवासी अपने अपने क्षेत्रों में राम यात्रा, शोभा यात्रा, भंडारा, भजन कार्यक्रम और पूजा अर्चना कर रहे हैं। हजरतगंज, महानगर, 1090 चौराहा, चौक समेत लखनऊ के कई इलाकों में राम शोभा यात्रा, भजन कार्यक्रम और भंडारे का आयोजन किया गया।
वहीं गोमतीनगर के विकास खंड 2 के लोगों ने अपने क्षेत्र में भव्य राम यात्रा निकाली। राम यात्रा की आयोजक मंजू शुक्ला, प्रकाम्या शुक्ला की ओर से आयोजित इस राम यात्रा में स्थानीय महिलाओं ने राम भजन पर जमकर नृत्य किया और राम लला के विराजमान को लेकर अपनी खुशी जाहिर की। वहीं विकास खंड 2 की निवासी नेहा शुक्ला ने बड़े आस्था से भगवान श्री राम के लिए छप्पन भोग का प्रसाद बनाया। इसके अलावा लोगों ने इस मौके को राम ध्वज और भगवा रंग की झालर, गुब्बारे और लाइटों से सजाया है।
.jpg)
ये भी पढ़ें:- लखनऊ: रामलला के प्राण प्रतिष्ठा की खुशी में मनाई दिवाली, घरों-मंदिरों में जले दीप, फोड़े गए पटाखे
