Fatehpur News: अब फर्जी हाजिरी के सहारे मनरेगा में खेल करना होगा कठिन... इस एप से होगी निगरानी
फतेहपुर में फर्जी हाजिरी पर एनएमएमएस रोक लगाएगा।
फतेहपुर में फर्जी हाजिरी पर एनएमएमएस रोक लगाएगा। नेशनल मोबाइल मानीटरिंग सिस्टम एप से निगरानी होगी। मनरेगा में धांधली पर अंकुश लगाने को विभाग अनिवार्य कर चुका है।
फतेहपुर, अमृत विचार। फर्जी हाजिरी के सहारे मनरेगा में खेल करना अब कठिन होगा। घर बैठे मस्टर रोल भर कर सरकारी धन का बंदरबाट बीते दिनों की बात होगी। धांधली पर अंकुश लगाने को विभाग ने एनएमएमएस एप पर आनलाइन हाजिरी अनिवार्य कर दी है।
अवैध कमाई का जरिया बनी मनरेगा योजना की नेशनल मोबाइल मानीटरिंग सिस्टम एप (एनएमएमएस) की निगरानी में होगी। मस्टर रोल में दर्ज मजदूरों की हाजिरी कार्य स्थल पर मोबाइल पर एप से भरनी होगी।
ऑनलाइन भरने के साथ ही मस्टर रोल में दर्ज व कार्यरत 10-10 मजदूरों की ग्रुप फोटो भी फीड करनी होगी। एप में हाजिरी फीडिंग की खातिर समय का निर्धारण महत्वपूर्ण है। खासतौर पर मजदूरों की हाजिरी दोनों पालियों में आनलाइन भरना अनिवार्य है।
लापरवाही, गलती से होगी हाजिरी रिजेक्ट
निर्धारित समय सुबह छह बजे से 11 बजे तक पहली पाली में काम कर रहे मजदूरों की फोटो संग मोबाइल पर मस्टर रोल भरना है। दूसरी पाली में दो बजे से दोबारा हाजिरी लगानी होगी। गलती या लापरवाही बरतने पर संबंधित मस्टर रोल में दर्ज मजदूरों की उस दिन की पूरी हाजिरी रिजेक्ट हो जाएगी।
रोजगार सेवक या महिला मेट भरेंगी हाजिरी
शासन के नियमानुसार 19 मजदूर संख्या तक की हाजिरी रोजगार सेवक अपने मोबाइल से एप के माध्यम से मस्टर रोल भरेंगे। वहीं 20 या अधिक मजदूर होने की दशा में समूह की महिला मेट खुद के मोबाइल से आनलाइन हाजिरी भरेंगी।
एप बन रहा प्रधानों के जी का जंजाल
एनएमएमएस के माध्यम से मस्टर रोल भरने की प्रक्रिया के अमल में आते ही प्रधानों-सचिवों के चेहरों पर चिंता साफ देखी जा सकती है। चूंकि इस पर माइनस हुई मजदूरों की हाजिरी प्रधान, कार्यदायी संस्था के मत्थे आ जाता है। मजदूरी के भुगतान के समय प्रधानों को मजदूरों के आरोप का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि जानकार बताते हैं आठ मजदूरों की जगह 46 की हाजिरी चढ़ा खेल करने वाले ऐप प्रक्रिया का ज्यादा विरोध कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें- UP Crime: चाचा, पापा जाग नहीं रहे, मैं और ध्रुव उठ नहीं पा रहे... अंगीठी बनकर आई काल, तीन जिंदगियां खत्म
