हल्द्वानी में ठंड ने सात साल का रिकॉर्ड तोड़ा, पारा 0.1 डिग्री हुआ दर्ज

Amrit Vichar Network
Published By Bhupesh Kanaujia
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। हल्द्वानी में ठंड ने पिछले सात साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 0.1 डिग्री दर्ज किया गया है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार पश्चिम से आ रही हवाओं की वजह से ठंड की स्थिति लगातार बनी हुई है।

मंगलवार को हल्द्वानी में न्यूनतम तापमान 0.1 डिग्री था जो सामान्य से पांच डिग्री कम है। अधिकतम तापमान करीब 16 डिग्री दर्ज किया गया। मैदान इलाके में पहाड़ से ज्यादा ठंड पड़ रही है। मुक्तेश्वर में न्यूनतम तापमान 1.9 डिग्री था। हल्द्वानी और उसके आसपास के इलाकों में पड़ रही ठंड ने पिछले सात का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।

साल 2017 में 12 जनवरी को हल्द्वानी का न्यूनतम तापमान -0.8 डिग्री था। साल 2021 में एक जनवरी को हल्द्वानी का न्यूनतम तापमान एक डिग्री था। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि पश्चिम से आ रही हवाओं की वजह से शीतलहर की स्थिति बनी हुई है। बारिश नहीं होने की वजह से सूखी ठंड पड़ रही है।

इधर, मंगलवार को हल्द्वानी में दिन के समय ठंड से थोड़ी राहत रही। दिन में निकली धूप से लोगों को काफी राहत मिली। हालांकि शाम होने के साथ ही कोहरा छाने लगा और ठंड फिर से बढ़ गई।

पिछले आठ सालों में न्यूनतम तापमान
18.1.2023            -  2
02.1.2022            - 3.5
01.1.2021            -1.0
01.1.2020            -2.4
04.1.2019            -1.5
13.1.2018            -1.4
12.1.2017         -(-)0.8
(तापमान डिग्री सेल्सियस में)

इन दिनों असमान्य ठंड पड़ रही है। अधिकतम तापमान कम दर्ज हो रहा है और साथ ही न्यूनतम तापमान में भी काफी कमी आ रही है। - डॉ. आरके सिंह, मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून

संबंधित समाचार