बाराबंकी में 27773 युवा पहली बार डालेंगे वोट, 23 लाख 11 हजार 652 मतदाता 2024 में चुनेंगे अपना सांसद
12 लाख 20 हजार 803 पुरुष तो 10 लाख 90 हजार 787 महिलाएं शामिल
बाराबंकी, अमृत विचार। लोकसभा चुनाव में इस बार 23 लाख 11 हजार 652 मतदाता अपने पसंदीदा उम्मीदवार को सांसद के रुप में चुनेंगे। मंगलवार को जारी हुई अंतिम मतदाता सूची में इस बार 42 हजार 196 नए मतदाता बढ़ गए हैं। इनमें 27 हजार 773 अकेले युवा हैं। इस तरह लोकसभा चुनाव को लेकर मतदाता सूची तैयार हो गई।
आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुटे भारत निर्वाचन आयोग ने एक जनवरी 2024 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं को मतदाता बनाने के लिए मतदाता सूची का संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान 27 अक्टूबर से शुरू किया था। अभियान को गति देने के लिए चार विशेष दिवस भी आयोजित किए गए थे।
करीब ढाई माह के पुनरीक्षण अभियान में 42 हजार 196 नए मतदाता इस सूची में शामिल हुए हैं। जिला प्रशासन द्वारा पूर्व में जारी किए गए आलेख्य प्रकाशन के दौरान जिले में वोटरों की संख्या 22 लाख 69 हजार 456 थी। जो अब बढ़ कर 23 लाख 11 हजार 652 हो गई है। बढ़े मतदाताओं में 27 हजार 773 युवा वोटर शामिल हैं। कुल वोटरों में 12 लाख 20 हजार 803 पुरुष तो 10 लाख 90 हजार 787 महिलाएं शामिल हैं।
जबकि 62 मतदाता थर्ड जेंडर के रुप में अपनी सहभागिता दर्ज कराएंगे। इस प्रकार 23 लाख से अधिक यह मतदाता अपने पसंदीदा चेहरों को वोट देकर सांसद बनाएंगे और दिल्ली भेजेंगे। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी सुनील पांडेय ने बताया कि मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया है। अभी भी नाम शामिल कराए जा सकते हैं।
वि.स. क्षेत्र--पुरुष--महिला--अन्य--योग--युवा वोटर
266-कुर्सी--213719--188798--5--402522--6078
267-रामनगर--184210--161131--5--345346--4129
268-बाराबंकी--210393--186660--30--397083--4542
269-जैदपुर सु.--211163--191530--11--402704--4413
270-दरियाबाद--218512--197076--9--415597--5515
272-हैदरगढ़ सु.--182806--165592--2--348400--3076
---------------------------------------
कुल मतदाता--1220803--1090787--62--2311652--27773
सभी बूथों पर हुआ प्रकाशन
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर रामनगर, सिरौलीगौसपुर, हैदरगढ़, नवाबगंज, रामसनेहीघाट और फतेहपुर तहसील क्षेत्र के सभी बूथों पर लेखपाल व अन्य कर्मचारियों ने मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया। और उसे दीवारों पर चस्पा कराया। इसी क्रम में रामसनेहीघाट उपजिला अधिकारी राम आसरे वर्मा के निर्देश पर लेखपाल अंबुज मिश्रा की उपस्थिति में दरियाबाद कस्बा स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय , लाल बहादुर शास्त्री इंटर कालेज के बूथ सहित सराय सिंघई , खुब्बा का पुरवा गांव स्थित बूथों पर मतदाता सूची प्रकाशित की गई है। इसी तरह अन्य तहसील क्षेत्रों में मतदाता सूची प्रकाशित करने के साथ चस्पा की गई।
यह भी पढ़ें:-भाजपा ने खत्म किया राम मंदिर का मुद्दा, बोले अंसारी- अब भागवत की 'कलह खत्म करने' की बात पर हो अमल
