बरेली: मानव श्रृंखला बनाकर सड़क सुरक्षा की दिलाई शपथ
कमिश्नर, आईजी, डीएम, ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
बरेली, अमृत विचार। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के अवसर पर सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत स्पोर्ट्स स्टेडियम में मानव शृंखला बनाकर सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई। इस दौरान कमिश्नर सौम्या अग्रवाल, आईजी डॉ. राकेश सिंह, डीएम रविन्द्र कुमार ने सभी प्रतिभागियों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई और यातायात जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया।

आईजी ने विद्यार्थियों से कहा कि सड़क पर चलते समय सभी यातायात के नियमों का पालन अवश्य करें और अपने परिवार और मित्रों को भी जागरूक करें। 18 वर्ष से कम उम्र का कोई भी छात्र स्कूटी चलाकर स्कूल न जाएं। डीएम ने कहा कि सड़क सुरक्षा का मतलब, सड़क पर चलने वालों की सुरक्षा से है। यह केवल यातायात के नियमों का पालन करने एवं सड़क सुरक्षा की सावधानियों सहित वाहन को चलाने से सम्भव है।

कार्यक्रम में करीब 55 सौ छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। इस मौके पर एडीएम प्रशासन दिनेश, एसपी ट्रैफिक शिवराज सिंह, क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी संध्या रानी, डीआईओएस देवकी नन्दन सिंह मौजूद रहे।
ये भी पढे़ं- बरेली से स्पेशल ट्रेन में 400 यात्री जाएंगे अयोध्या, डीआरएम ने जंक्शन पर देखी व्यवस्था
