बरेली: चार डिग्री तक पहुंचा पारा, अभी तीन दिन और ठंड का पूर्वानुमान
घना कोहरा भी छाया रहेगा, दिन के तापमान में भी गिरावट की गई दर्ज
बरेली, अमृत विचार। अभी तीन दिन और ठंड और कोहरे से राहत नहीं मिलने वाली है। मौसम विभाग ने शीत लहर के साथ घने कोहरे का पूर्वानुमान जताया है। मंगलवार को न्यूनतम और अधिकतम तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई। दिन में थोड़ी देर धूप खिलने के बाद फिर से मौसम बदल गया और ठंडी हवाएं चलने लगीं।
मंगलवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 10 डिग्री कम 11.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सोमवार के तापमान से 3.5 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम चार डिग्री दर्ज किया गया। यह सोमवार के तापमान से 5.2 डिग्री कम रहा। इस दौरान दृश्यता 20 मीटर रही।
आंचलिक मौसम केंद्र लखनऊ के मौसम विज्ञानी डॉ. अतुल कुमार सिंह के अनुसार दिन में आसमान खुलने से रात्रिकालीन विकिरणीय शीतलन में वृद्धि होने और निचले क्षोभमंडल में प्रचलित सर्द उत्तरी-पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से न्यूनतम तापमान में आई भारी गिरावट के कारण में शीतलहर की परिस्थितियां बनी है। इसके साथ-साथ हवा की धीमी रफ्तार, नमी की प्रचुरता एवं काफी ऊंचाई तक निम्न वायुमंडलीय स्थिरता के प्रभाव से घना कोहरा छा रहा है।
विकिरणीय ऊष्मन में कमी से अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे रहने से शीत दिवस दो से तीन दिनों तक जारी रहेगा। इसके बाद पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव आने पर स्थिति में परिवर्तन होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि दो दिन औसतन अधिकतम तापमान 15 डिग्री और न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज होने का पूर्वानुमान है।
ये भी पढे़ं- बरेली: सवा करोड़ से बनेगी दुर्गानगर रोड, मेयर ने किया शिलान्यास
