Kanpur Fire: चमनगंज और नवाबगंज में लगी भीषण आग… दमकल ने कड़ी मशक्कत कर पाया काबू

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर के चमनगंज और नवाबगंज में भीषण आग लगी।

कानपुर के चमनगंज और नवाबगंज में भीषण आग लग गई। वहीं, आग की सूचना पाकर पहुंची दमकल की गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया।

कानपुर, अमृत विचार। चमनगंज थानाक्षेत्र में मंगलवार देर रात आग तापते समय उठी चिंगारी से फर्नीचर से भरे कारखाने में भीषण आग लग गई। स्थानीय लोगों ने आनन-फानन घटना की सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी गई। सूचना पर पहुंची दमकल की दो गाड़ियों ने आग पर काबू पाना शुरू किया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। घटना में व्यापारी का लाखों का नुकसान हुआ है। इस दौरान सकरी गली में कारखाना होने की वजह से दमकल कर्मियों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। 

Fire 2 (1)

भन्नानापुरवा के रहने वाले मोहम्मद शानू वाहिद ने बताया कि का चंद्रिका देवी चौराहे के पास स्थित गली में मंगलवार देर रात करीब 2.45 पर फर्नीचर कारखाने में अचानक तेज धुआं उठने लगा। सर्दी के चलते कारीगरों ने तापने के लिये कारखाने में आग जला रखी थी देर शाम काम खत्म करने के बाद आग बुझा दी। हालांकि वह सुलगती रह गई। इस दौरान कारीगर चले गए तभी चिंगारी से फर्नीचर में आग लग गई जो सुलगते ही पूरे कारखाने में फैल गई। 

इलाकाई लोगों ने आग की लपटें उठती देखकर शानू के साथ ही फायर ब्रिगेड को सूचना दी। लाटूश रोड अग्निशमन अधिकारी कैलाश चन्द्रा दो गाड़ियां लेकर दमकल कर्मियों के साथ पहुंचे। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि आग की चपेट में आकर तैयार रखा लाखों का फर्नीचर और माल जलकर बर्बाद हो गया। उन्होंने बताया कि समय रहते आग पर काबू न पाया जाता तो आग बड़ा रूप ले सकती थी, जिसकी चपेट में आसपास की दुकानें आ सकती थीं। 

इसी तरह नवाबगंज थानाक्षेत्र के विष्णुपुरी इलाके में स्थित अरिहंत अपार्टमेंट में एचटी लाइन टूटकर गिरने से शार्ट सर्किट के चलते मीटर बॉक्स में आग लग गई। इस दौरान वहां से गुजर रहे लोगों में अफरातफरी मच गई। आनन-फानन दमकल कर्मियों और बिजली विभाग को सूचना दी गई। 

हालांकि, दमकल कर्मियों की सूचना से पहले अपार्टमेंट के जिम्मेदारों ने फायर इंस्टिंग्युशर की मदद से आग पर काबू पा लिया। मीटर बॉक्स में आग लगने से सभी 48 फ्लैट की आपूर्ति तत्काल बाधित हो गई। जिसके बाद बिजली विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर टूटे एचटी लाइन तार की मरम्मत करके सप्लाई सुचारु की।

ये भी पढ़ें- Kanpur: छत में उछल-कूद करने पर बंदर को मारी गोली; मौत... विरोध करने पर पड़ोसी को किया लहूलुहान, रामभक्तों ने किया हंगामा....

संबंधित समाचार