लखनऊ: कर्पूरी ठाकुर की जयंती पर अखिलेश यादव ने किया नमन, लोहिया, चौधरी चरण सिंह और नेताजी को भारतरत्न देने की उठाई मांग

Amrit Vichar Network
Published By Ankit Yadav
On

अमृत विचार, लखनऊ। राजधानी लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी के प्रदेश कार्यालय में बुधवार को जननायक कर्पूरी ठाकुर की जयंती मनाई गई। इस मौके पर सपा मुखिया अखिलेश यादव ने ’जननायक’ कर्पूरी ठाकुर के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर अखिलेश यादव ने कहा कि जननायक कर्पूरी ठाकुर को मरणोपरान्त घोषित ‘भारतरत्न‘ सामाजिक न्याय के आंदोलन की जीत है, जो यह दर्शाती है कि सामाजिक न्याय और आरक्षण के परम्परागत विरोधियों को भी मन मार कर अब पीडीए के 90 प्रतिशत लोगों की एकजुटता के आगे झुकना पड़ रहा है। 

इस मौके पर अखिलेश यादव ने मांग की कि सामाजिक न्याय के पुरोधाओं डॉ0 राममनोहर लोहिया, बी.पी. मण्डल, चौधरी चरण सिंह, नेताजी मुलायम सिंह यादव को भारतरत्न दिया जाए। सामाजिक न्याय के लिए संघर्ष करने वाले इन महापुरूषों ने समाज की विषमता को खत्म करने, पिछड़ों, दलितों, अल्पसंख्यकों और गरीबों के उत्थान के लिए पूरा जीवन समर्पित कर दिया।

कर्पूरी ठाकुर की जयंती पर अखिलेश यादव ने किया नमन (1)

सपा मुखिया ने आगे कहा कि कर्पूरी ठाकुर समाजवादी नेता डॉ0 राममनोहर लोहिया और लोक नायक जयप्रकाश नारायण के अनुयायी, सामाजिक न्याय के पुरोधा और लोकतंत्र सेनानी थे। वे सामाजिक सद्भाव के प्रतीक रहे और आज समाजवादी पार्टी, पीडीए कर्पूरी ठाकुर के विचारों से अनुप्राणित है। वे अपनी सादगी, ईमानदारी और न्याय प्रियता के कारण, गरीबों के मसीहा के रूप में मशहूर हुए।

भाजपा जनकल्याण की नहीं सिर्फ चुनाव और सत्ता के लिए सोचती है। समाजवादियों को भाजपा की चालाकी से बचना है। जनता की आशा-आकांक्षाओं की पूर्ति पीडीए से ही सम्भव है। देश में जाति-वर्ण का भेदभाव पुराना है। आज भारतीय समाज में छटपटाहट है। बाबा साहब डॉ0 भीमराव अम्बेडकर के संविधान में आरक्षण की जो व्यवस्था की गई थी उसे भाजपा साजिशन समाप्त करने पर तुली है। आपातकाल के विरोध में और लोकतंत्र की रक्षा के लिए कर्पूरी ठाकुर जी ने जेल यातना भी सही थी। 

ये भी पढ़ें:- मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग ने सपनों को दी उड़ान, 19 अभ्यर्थियों ने यूपीपीसीएस में लहराया परचम, एसडीएम, डिप्टी एसपी समेत कई पदों पर हुआ चयन
    

संबंधित समाचार