UP Diwas: उत्तर प्रदेश दिवस पर आयोजित हुई खेल प्रतियोगिताएं, खिलाड़ियों ने दिखाया दम
संतकबीरनगर। उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर बुधवार को खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश और जिला प्रशासन के तत्वाधान में 24 से 26 जनवरी तक चलने वाली कबड्डी, खो-खो, वालीबाल बालक वर्ग तथा एथलेटिक्स बालक और बालिका वर्ग जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का शुभारम्भ समाज कल्याण अधिकारी महेन्द्र कुमार ने किया। उप क्रीडाधिकारी दिलीप कुमार ने उन्हें बैच लगाकर और बुके देकर सम्मानित किया। मुख्य अतिथि ने कबड्डी के खिलाडियों से हाथ मिलाकर प्रतियोगिता का शुभारम्भ कराया।
बुधवार को बालक वर्ग कबड्डी की जिला स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमे 8 टीमों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता का पहला मैच ब्लूमिंग बड्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल और शिक्षा निकेतन के बीच खेला गया। जिसमें ब्लूमिंग बड्स स्कूल ने 21-04 से विजय प्राप्त किया। विजेता टीम की तरफ से आदित्य शुक्ला ने 8 अंक और आनन्द ने 6 अंक बनाया।

प्रतियोगिता का दूसरा मैच ब्लूमिंग बड्स स्कूल (जूनियर) बनाम स्टेडियम खलीलाबाद के बीच खेला गया। जिसमें स्टेडियम खलीलाबाद ने 12-08 से विजय प्राप्त किया। विजेता टीम की तरफ से सत्येन्द्र ने 6 अंक और विवेक ने 4 अंक बनाए। प्रतियोगिता का तीसरा मैच मौलाना आजाद इण्टर कालेज बनाम बयारे के बीच खेला गया। जिसमें बयारे की टीम ने 24-15 से विजय प्राप्त किया।
विजेता टीम की तरफ से अनुराग ने 10 अंक और सत्यम ने 6 अंक बनाया। मौलाना आजाद इण्टर कालेज से मो. दानिस ने 6 अंक का योगदान किया। प्रतियोगिता का चौथा मैच धरैची बनाम हैंसरबाजार के बीच खेला गया। जिसमें हैंसरबाजार की टीम ने 25-18 से विजय प्राप्त किया। विजेता टीम की तरफ से ओमकार ने 10 अंक और अवधेश ने 8 अंक बनाए।धरैची टीम के आदित्य यादव ने 12 अंक का योगदान किया।
प्रतियोगिता का पहला सेमीफाइनल मैच ब्लूमिंग बड्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल बनाम हैंसरबाजार के बीच खेला गया। बेहद रोमांचक मैच में हैंसरबाजार की टीम ने 38-34 से विजय प्राप्त किया। विजेता टीम की तरफ से अवधेश ने 8 अंक, ओमकार ने 12 अंक बनाए। उप विजेता ब्लूमिंग बड्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल की टीम के आदित्य शुक्ला ने 25 अंक का योगदान किया। इस तरह हैंसरबाजार की टीम फाइलन में प्रवेश करने वाली पहली टीम बनी।
प्रतियोगिता का दूसरा सेमीफाइनल मैच स्टेडियम खलीलाबाद बनाम बयारे के बीच खेला गया। जिसमें स्टेडियम ने 40-11 के अंतर से विजय प्राप्त किया। विजेता टीम की तरफ से सत्येन्द्र ने 12 अंक और विवेक ने 15 अंक बनाए। बयारे की टीम के तरफ से राज गौड ने 3 और सोहन लाल ने 7 अंक बनाए। इस अवसर पर जिला एथलेटिक्स संघ के सचिव रमेश प्रसाद, जिला फुटबाल संघ के सचिव बी.के. विश्वास, जिला वालीबाल संघ के सचिव चन्द्रबली यादव समेत स्टेडियम के सभी कर्मचारी और खेल प्रेमी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें:-वाराणसी कोर्ट का आदेश- एएसआई सर्वे रिपोर्ट दोनों पक्षों को उपलब्ध कराएं हिंदू पक्ष के वकील
