बदायूं: छात्रा से छेड़छाड़, विरोध करने पर पीटा... फिर शोहदे की चप्पलों से लगाई पिटाई
एक शोहदे ने छात्रा को दिया था अपने दोस्त का मोबाइल नंबर लिखा कागज
विजय नगला (बदायूं), अमृत विचार। कॉलेज में पढ़ने वाली छात्रा के साथ शोहदे ने छेड़छाड़ की। विरोध करने पर शोहदे ने छात्रा को पीटा। शोर होने पर ग्रामीण पहुंचे और शोहदे की चप्पलों से पिटाई लगाई। जिसका वीडियो सोशल साइट्स पर वायरल हुआ है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। छात्रा के पिता ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है।
थाना मूसाझाग क्षेत्र के एक गांव निवासी 16 वर्षीय छात्रा बुधवार को कॉलेज से लौटकर घर जा रही थी। कॉलेज से कुछ ही दूरी पर एक शोहदे ने कागज पर अपने दोस्त का मोबाइल नंबर लिखकर छात्रा को दिया। कहा कि इस नंबर पर फोन कर लेना।
छात्रा ने विरोध किया तो उसने मोबाइल नंबर वाले अपने दोस्त को बुला लिया। दोनों शोहदों ने छात्रा से अपशब्द बोले। छात्रा को लात-घूसों से पीटा। छात्रा चिल्लाई। आवाज सुनकर ग्रामीण एकत्र हो गए। एक शोहदे को पकड़ लिया जबकि दूसरा भाग गया। छात्रा और ग्रामीणों ने उसकी चप्पल से पिटाई लगाई।
ग्रामीण की सूचना पर पुलिस पहुंची। आरोपी को हिरासत में लिया। छात्रा के परिजनों ने पुलिस को बताया कि वह शोहदा तीन महीने पहले भी छात्रा से छेड़छाड़ कर चुका है। पुलिस ने गिरफ्तार किया लेकिन छोड़ दिया। प्रभारी निरीक्षक महेंद्र पाल ने बताया कि छात्रा के पिता की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
ये भी पढ़ें- बदायूं: असामाजिक तत्वों ने खंडित की मंदिर की मूर्ति, ग्रामीणों ने किया हंगामा
