राष्ट्रीय मतदाता दिवस: अब बरेली में 33.46 लाख वोटों की ताकत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पांच साल के अंदर जिले में बढ़ गए दो लाख से ज्यादा वोटर

बरेली, अमृत विचार। लोगों में बढ़ती जागरूकता का ही असर कहा जा सकता है कि चुनाव दर चुनाव जिले में वोटरों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। पिछले पांच साल में जिले में दो लाख से ज्यादा वोटर बढ़े हैं।

चुनाव कार्यालय के आंकड़ों के मुताबिक 2019 के लोकसभा चुनाव में करीब 31.40 लाख वोटर थे। 2022 के विधानसभा चुनाव में यह संख्या बढ़कर 32 लाख 93 हजार के नजदीक पहुंची और अब लोकसभा चुनाव से पहले करीब तीन महीने तक चलाए गए पुनरीक्षण अभियान के बाद 33,46,048 हो गए हैं।

जिले के सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूचियों का 22 जनवरी को अंतिम प्रकाशन किया जा चुका है। इसके मुताबिक इस बार मतदाता पुनरीक्षण अभियान के बाद 78531 महिला और 58062 पुरुष वोटरों के नाम मतदाता सूची में शामिल हुए हैं। नए मतदाताओं की संख्या एक लाख 36 हजार 608 है। इसके अलावा डुप्लीकेट और मृतक 74,916 मतदाताओं के नाम सूची से हटाकर 61692 नाम बढ़ाए गए हैं।

रिकॉर्डतोड़ नए वोट बने हैं महिलाओं के
तीन महीने के विशेष संक्षिप्त मतदाता पुनरीक्षण अभियान के दौरान अलग-अलग तारीखों में जिले के सभी 3492 बूथों पर बीएलओ ने नए मतदाताओं से फार्म भरवाए। इस प्रक्रिया में सबसे ज्यादा 78531 महिलाओं के नाम नए वोटर के तौर पर सूचियों में जोड़े गए। पुरुषों की संख्या 58062 रही। 18-19 साल उम्र के युवा वोटरों की संख्या अपेक्षाकृत काफी कम 38 हजार ही रही।

चुनाव में वोट डालना हमारी जिम्मेदारी है। मैंने जब पहली बार वोट डाला था तो बहुत उत्साहित थी। इस बार दूसरी बार वोट डालने का मौका मिलेगा। मतदान सभी को करना चाहिए। - मोहिनी शर्मा

मतदाता सूची में पहली बार मेरा नाम शामिल हुआ है। वोट डालने के लिए अभी से बहुत उत्साहित हूं। इस बात की खुशी है कि मुझे अपनी पसंद की सरकार चुनने का मौका मिलेगा। - मानसी शर्मा

चुनाव के दिन मैं पहले वोट डालता हूं और उसके बाद दूसरे काम करता हूं। बाकी लोगाें को भी लिए प्रेरित करता हूंं क्योंकि जितनी वोटिंग होगी, लोगों में उतनी जागरूकता आएगी। - शुभम पाराशरी

मतदान जागरूकता के लिए प्रशासन कई कार्यक्रम करता है। हमारा भी कर्तव्य है कि हम लोकतंत्र के इस यज्ञ में पूरी जिम्मेदारी के साथ अपने वोटों की आहुति देकर बेहतर सरकार चुने। - दीपांशी अग्रवाल

मतदान करना गर्व की बात है। इसमें पीछे नहीं रहना चाहिए। मैं लगातार मतदान करता आ रहा हूं। इस अधिकार का प्रयोग सभी को करना चाहिए। अपना वोट खराब नहीं करना चाहिए। - हर्षित सक्सेना

राष्ट्रीय मतदाता दिवस लोकतंत्र के सुदृढ़ीकरण का दिन है। एक-एक वोट का कितना महत्व है, यही जागरूकता लाने के लिए मतदाता दिवस मनाया जाता है। सभी से अपील है कि अपनी सहभागिता से आने वाले चुनाव में वोट प्रतिशत बढ़ाए - सौम्या अग्रवाल, कमिश्नर।

ये भी पढे़ं- बरेली: कुतुबखाना पुल...ठेकेदार को जुर्माने का डर, मजदूरों की जिंदगी दांव पर

 

संबंधित समाचार