मुरादाबाद: अभिनेत्री अमीषा पटेल मामले में दो फरवरी को होगी बहस
मुरादाबाद, अमृत विचार। अभिनेत्री अमीषा पटेल मामले में जिला एवं सत्र न्यायालय में दो फरवरी को बहस होनी है। यह बहस उनकी तरफ से बुधवार को दाखिल हुए प्रथम जमानत प्रार्थना पत्र पर होगी। अमीषा पर डांस के लिए 11 लाख और परिवहन व अन्य खर्चे के तीन लाख रुपये लेकर भी कार्यक्रम में न आने का आरोप है।
परिवादी पवन कुमार वर्मा का यह भी आरोप है कि अभिनेत्री ने उनके पैसे भी नहीं लौटाए हैं। इस मामले में पवन कुमार वर्मा ने अभिनेत्री के विरुद्ध न्यायालय में मुकदमा कर रखा है। उधर, बुधवार को उनके अधिवक्ता अभिषेक कुमार शर्मा ने जमानत प्रार्थना पत्र दाखिल किया है। जिस पर न्यायालय ने बहस के लिए दो फरवरी की तारीख तय कर दी है।
उन्होंने बताया कि अमीषा पटेल मंगलवार को देरी से कोर्ट में पहुंची थीं। कोर्ट में प्रथम अग्रिम जमानत प्रार्थना पत्र पर हस्ताक्षर कर उन्हें प्रमाणित कराने के बाद वह लौट गईं। करीब 20 मिनट तक रुकी थीं। इस दौरान उनकी निजी सुरक्षा व्यवस्था थी। इनके विरुद्ध पूर्व में शमन जारी हुए थे। गिरफ्तारी होने की आशंका में वह प्रथम अग्रिम जमानत प्रार्थना पत्र दाखिल करने आई थीं। लेकिन, प्रार्थना पत्र अभी दाखिल नहीं हो सका था।
ये भी पढ़ें- मुरादाबाद : नोकझोंक के बीच जिपं बोर्ड की 38.99 करोड़ रुपये के बजट को हरी झंडी
