बरेली: संजयनगर में पूरे दिन गुस्साए सांड का उत्पात... एक बुजुर्ग की मौत, 12 लोगों को किया घायल
बरेली, अमृत विचार। नगर निगम के अफसर शहर को छुट्टा पशुओं से मुक्त घोषित कर चुके हैं लेकिन संजयनगर में बुधवार को एक सांड के उत्पात ने इस दावे की धज्जियां उड़ा दीं। गुस्साए सांड के हमले में एक बुजुर्ग की मौत हो गई और 10-12 लोग घायल हो गए।
पूरे दिन सांड से आतंक से आसपास के घरों में कैद रहे लोगों के साथ पुलिस भी बार-बार सूचना देती रही लेकिन इसके बावजूद सांड को पकड़ने के लिए नगर निगम की ओर से कोई इंतजाम भी नहीं किया गया। रात दस बजे नगर निगम के कर्मचारी पहुंचे लेकिन देर रात तक सांड को पकड़ने में कामयाब नहीं हो सके।
संजयनगर में सांड का उत्पात सुबह सात बजे से ही शुरू हो गया। उसने राह चलते लोगों पर हमला करके उन्हें दौड़ाना शुरू कर दिया। सुभाषनगर में रहने वाले मनु शर्मा के मुताबिक सेंट्रल स्टेट कॉलोनी निवासी उनके फूफा 65 वर्षीय करुणा शंकर पांडेय केन मैनेजर के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। बुधवार सुबह आठ बजे वह टहलकर घर लौट रहे थे। तभी कॉलोनी में घर से कुछ ही दूर उन पर सांड ने हमला कर दिया। उन्हें सींगों पर उठाकर जमीन पर पटक दिया।
करुणा शंकर के गिरने के बाद भी सांड करीब पांच मिनट तक उन्हें अपने खुरों से कुचलता रहा। आसपास कोई और नहीं था। कुछ देर बाद उनके बेटे अक्षय और पुत्रवधू कनक को पता चला तो वे करुणा शंकर को किसी तरह उठाकर निजी अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बुद्धविहार चंद्रमणिनगर में रहने वाले नीलेश गुप्ता ने बताया कि इससे पहले सांड ने उनके भाई विपिन पर हमला किया। वह सुबह साढ़े सात बजे भाई विपिन, अंकित और सुदेश के साथ घर के सामने प्लॉट पर निर्माण करा रहे थे। इसी बीच कहीं से आए सांड ने विपिन को टक्कर मार दी।
इस हमले से विपिन का बायां पैर गंभीर रूप से जख्मी हो गया। विपिन को बचाने की कोशिश की तो सांड ने उन तीनों पर भी हमला कर दिया, जिससे वे लोग भी गंभीर रूप से घायल हो गए। अंकित की हथेली फट गई। इसके अलावा सांड ने होली चौराहे पर मूंगफली विक्रेता अभिषेक को भी हमला कर घायल कर दिया। उन्हें मामूली चोट लगी है। सांड के हमले से उनका भाई भी घायल हो गया। आसपास के लोगों ने बताया कि जोशी वाली गली में भी सांड़ ने एक महिला समेत कई लोगों पर हमला किया। महिला को गंभीर रूप से घायल होने के बाद निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बाइक से जाते कई लोगों को गिराया, ई-रिक्शा में भी मारी टक्कर, चार घायल
रात करीब 9.30 बजे सांड एक प्लॉट से भागता हुआ निकलकर दोबारा सड़क पर आ गया। इसके बाद उसने फिर राह चलते लोगों पर हमला करना शुरू कर दिया। दो अलग-अलग बाइक को टक्कर मारने से उन पर सवार चार लोग घायल हो गए। इसके अलावा सांड ने एक ई-रिक्शा को भी जोरदार टक्कर मार दी जिससे उसमें बैठे चार लोग घायल हो गए। आसपास के लोगों ने बमुश्किल उन लोगों को सांड़ से बचाया। रात 10 बजे तक सांड संजयनगर की सड़क पर आते-जाते लोगों पर हमला करता रहा।
सुबह आठ बजे से रात नौ बजे तक नगर निगम अफसरों को फोन करते रहे लोग
सांड के हमले में सुबह करुणाशंकर पांडेय की मौत के बाद मॉडल टाउन चौकी के इंचार्ज वैभव गुप्ता और मुख्य आरक्षी बलवीर सिंह ने नगर निगम के अफसरों को फोन कर टीम भेजकर सांड को पकड़वाने के लिए कहा। आसपास के लोग भी दिन भर फोन करके नगर निगम के अफसरों से सांड को पकड़वाने की फरियाद करते रहे, लेकिन नगर निगम की टीम रात 10 बजे पहुंची लेकिन रात 11 बजे खबर लिखे जाने तक सांड को पकड़ नहीं सकी थी।
शहर के आबादी वाले इलाकों में सैकड़ों छुट्टा पशु बने हुए हैं खतरा
छुट्टा पशुओं पर सरकारी तंत्र सिर्फ कागजी खानापूरी में जुटा हुआ है। हालत यह है कि शहर के आबादी वाले इलाकों में सैकड़ों छुट्टा पशु घूम रहे हैं। गायों के अलावा इनमें भारी संख्या में सांड भी हैं जिनकी वजह से लोगों के लिए खतरा बना हुआ है। स्मार्ट सिटी के दायरे में आने वाली शहर की पॉश कॉलोनियां भी इससे अछूती नहीं हैं। इसके बावजूद नगर निगम के अफसर शहर में कोई छुट्टा पशु न होने का दावा कर चुके हैं।
ये भी पढे़ं- बरेली: रामलला के दर्शन के लिए कल अयोध्या जाएंगे ब्रज प्रांत के दो हजार कार्यकर्ता
