कोहरे का कहर : हरदोई में पिकअप से टकरा कर प्लाईवुड कंपनी के ठेकेदार की मौत
हरदोई, अमृत विचार। घने कोहरे के बीच इंडस्ट्रियल एरिया सण्डीला की प्लाईवुड कंपनी के ठेकेदार की गुरुवार की सुबह पिकअप की टक्कर लगने से मौत हो गई। हादसा बघौली थाने के भैंसटा नदी पुल की मोड़ पर होना बताया जा रहा है। पुलिस ने शव को अपने कब्ज़े में लेते हुए आगे की जांच शुरू कर दी है।
बताया गया है कि माधौगंज थाने के हुमायूंपुर निवासी 32 वर्षीय पंकज पुत्र संदेश उर्फ हृदय नारायन इंडस्ट्रियल एरिया सण्डीला में रत्न मोनी प्लाईवुड कंपनी में ठेकेदारी करता था। गुरुवार की सुबह पकंज अपनी बाइक से कंपनी के लिए घर से निकला। वह माधौगंज-बघौली रोड पर पड़ने वाली भैंसटा नदी पुल की मोड़ पर पहुंचा,उसी बीच घने कोहरे के चलते सामने से आ रही पिकअप ने उसकी बाइक में ज़ोरदार टक्कर मार दी। टक्कर होने से पिकअप और बाइक दोनों सड़क किनारे खाईं में जा गिरी। हादसे में बाइक सवार ठेकेदार पकंज बुरी तरह से ज़ख्मी हो गया।इसका पता होते ही वहां पहुंची पुलिस ने उसे एंबुलेंस-108 की मदद से मेडिकल कालेज भेजा, जहां पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। इसका पता होते ही पकंज के घर वालों में कोहराम मच गया। पकंज की पत्नी रोली हादसे में उसकी मौत होने की खबर सुनते ही बेहोश हो गई। उसकी दो बेटियां प्रज्ञा व प्रतिज्ञा हैं। पुलिस ने शव को अपने कब्ज़े में लेते हुए हादसे की जांच शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें -प्राण-प्रतिष्ठा के बाद अब देशभक्ति की बयार, बाराबंकी में भगवा रंग के बीच तिरंगे झंडे से सजी दुकानें
