रामलला का दर्शन कर मुदित हुए विदेश में बसे भारतीय, बोले- धन्य हो गया जीवन!

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हांगकांग, चीन, अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया में बसे डेलीगेट पहुंचे अयोध्या

मिल्कीपुर, अयोध्या। श्रीराम मंदिर में भगवान श्रीराम लला का दर्शन कर एनआरआई मुदित हैं। हांगकांग, चीन, अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया आदि देशों में बसे डेलीगेट अयोध्या पहुंचे। दर्शन करने के बाद सोहन गोयनका, राज कुमार सबनानी, सुरेश पंसारी, आशा गोयनका, मंजू पंसारी, रमेश चंद्र शर्मा, राजेश शर्मा, सीमा शर्मा, पवन सराफ, मनमोहन गोयनका, प्रमिला गोयनका, लता अहीर, मनोज असवानी, संजय जलान, राजश्री जलान, संजय खेमानी, उषा खेमानी, दिलीप पीरामल, सत्येन दलाल, प्रशांत अग्रवाल आदि ने बताया कि हम सभी के जीवन का पुण्य जागृत हुआ है। हम सभी अपनी आंखों से मंदिर बनते हुए देखे और मंदिर में विराजमान भगवान का दर्शन भी मिला। सोहन गोयनका ने कहा करोड़ों भारतीय वर्षों से इस पावन दिन के लिए संघर्ष कर रहे थे।

अयोध्या में हर दिन टूट रहा रिकॉर्ड, रामभक्तों की खूब जुट रही भीड़

अयोध्या। अयोध्‍या स्थित राम मंदिर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बुधवार को भी रामलला के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और दोपहर तक लगभग तीन लाख लोगों ने दर्शन किये। जिला प्रशासन के आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि एक अनुमान के मुताबिक दोपहर तक लगभग तीन लाख लोगों ने रामलला के दर्शन किए हैं। वहीं मंगलवार को 5 लाख से अधिक राम भक्तों ने रामलला के दर्शन किए थे।  

अयोध्या में नवनिर्मित राम मंदिर में सोमवार को रामलला की प्राण प्रतिष्ठा हुई थी। इसके अगले दिन मंगलवार को राम मंदिर के कपाट आम जनता के लिए खोल दिये गये थे। भीड़ प्रबंधन की व्यवस्थाओं की देखरेख कर रहे विशेष पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) प्रशांत कुमार ने बताया, " कल और आज की व्‍यवस्‍था में केवल इतना ही परिवर्तन है कि हमने दर्शन के लिए आने वाले भक्तों के लिए एक बेहतर कतार प्रणाली लागू की है। हमने अलग-अलग कतारों में सुचारू प्रवेश और निकास सुनिश्चित करने की व्यवस्था की है। स्थिति अब पूरी तरह अनुकूल और नियंत्रण में है।”

गृह विभाग के प्रमुख सचिव संजय प्रसाद ने मंदिर में भीड़ प्रबंधन के लिए उठाए गए कदमों के बारे में पूछे जाने पर कहा, ''आप खुद देख सकते हैं, कहीं लम्‍बी कतारें नहीं हैं। आज सुबह सात बजे से पहले भी लोग आ गये थे। सब लोग आराम से कतार में लगे हुए थे। इसके बाद से उनका दर्शन अनवरत जारी है।''

उन्‍होंने कहा, ''आज जन सुविधा केंद्र शुरु हुआ है। निकासी का अलग रास्‍ता बना दिया गया है तो अब लोग अलग-अलग रास्‍तों से निकल रहे हैं और कहीं कोई भीड़ नहीं है। मुझे लगता है कि अब चीजें इस पर निर्भर करेंगी कि कितनी भीड़ और आती है। आज हम लोग इसे देखेंगे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम मार्ग परिवर्तन की समीक्षा करेंगे। मुख्‍यमंत्री ने यहां पर बैठक की है। अयोध्‍या में बहुत सारे धार्मिक आयोजन हो रहे हैं। धीरे-धीरे जब यहां भीड़ कुछ कम होगी तो आगे की रणनीति पर विचार किया जाएगा।’’

यह भी पढ़ें: अयोध्या: 3.5 टन वजनी जटायु की मूर्ति के लिए किया गया व्यापक शोध, बोले मूर्तिकार

संबंधित समाचार