प्रयागराज: मेट्रोमोनियल साइट पर चल रहा ठगी का खेल!, झांसा देकर युवक से ठग लिए 50 लाख, आप भी रहें सावधान!

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीड़ित युवक ने साइबर थाने में दर्ज की शिकायत

कौशांबी/प्रयागराज। मेट्रोमोनियल साइट पर शादी के नाम पर एक युवक से 50 लाख रुपये की ठगी कर ली गयी। युवक से पहले बात चीत कर रिश्तों को मजबूत किया और बाद में कम्पनी में निवेश के नाम पर 50 लाख रुपये लगवा दिया। पैसों की वापसी न होने और खुद को ठगा महसूस होने पर युवक ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है। बता दें कि इस मामले में बीते साल करीब 150 से ज्यादा लड़के और लड़कियों को इस तरह ठगी का शिकार बनाया जा चुका है। 

कौशांबी निवासी रोहन के मुताबिक उसे मेट्रोमोनियल साइट के जरिये एक युवती ने संपर्क किया था। उसने पहले बातें करना शुरु किया और फिर जान पहचान बढ़ाई। रिश्तों में गहराई बढ़ी तो युवती ने युवक से क्रिप्टो करेंसी के बारे में बातें करना शुरु किया। इसके बाद विश्वास पात्र बनने के बाद उसकी बातों पर यकीन कर उसने शुरुआत में कुछ निवेश किया और रिटर्न भी मिला। उसका यकीन और बढ़ता गया। 

इसके बाद उसने करीब 50 लाख रुपये निवेश कर दिए, लेकिन जब रिटर्न न मिलने पर उसने कई बार उस युवती से संपर्क किया, लेकिन सम्पर्क नहीं हो सका। यह बात युवक ने छिपाये रखी। कुछ दिन बाद युवक ने दबी जुबान से कुछ लोगो को बताया। इसके बाद उसे महसूस हुआ कि वह ठगी का शिकार हो चुका है। फिर उसने इस बारे में परिजनों को बताया और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। 

इस बारे में साइबर थाना प्रभारी संतोष तिवारी का कहना है कि मेट्रोमोनियल साइट पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर इस समय ठगी की घटना को अंजाम दिया जा रहा है। इस तरह के गिरोह काफी सक्रिय हो चुके हैं। इसलिए सभी को सावधान रहना चाहिए। बिना सोचे समझे फोन पर बातचीत कर बड़ा निवेश कभी नहीं करना चाहिए। मेट्रोमोनियल साइट पर अब तक 150 से ज्यादा लोग ठगी का शिकार हो चुके हैं। 

यह भी पढे़ं: लखनऊ: नीट छात्रा की हत्या में शामिल आईटी कंपनी का सीनियर एसोसिएट गिरफ्तार, साथी की तलाश जारी

संबंधित समाचार