लखनऊ: राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के समर्थन में कांग्रेसी करेंगे ध्वजवंदन, फरवरी में यूपी में प्रवेश होगी यात्रा

Amrit Vichar Network
Published By Ankit Yadav
On

14 फरवरी 2024 को उत्तर प्रदेश की सीमा में प्रवेश करेगी ‘‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’’ 

अमृत विचार, लखनऊ। कांग्रेस नेता राहुल गाँधी के नेतृत्व में ‘‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’’ 14 फरवरी 2024 को उत्तर प्रदेश की सीमा में प्रवेश करने वाली है। इसके समर्थन में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी सभी ब्लाकों में ध्वजवंदन और ‘‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ निकालेगी। इस बात की जानकारी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दी। 

अजय राय ने कहा कि ‘‘सहो मत, डरो मत’’ के नारे के साथ ‘‘हर घर तक पहुंचे न्याय का हक’’ के उद्देश्य से राहुल गाँधी ने 14 जनवरी को मणिपुर से ‘‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’’ की शुरुआत की है। जो 14 फरवरी 2024 को यूपी में प्रवेश करेगी। ‘‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ को समर्थन देने के लिए उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी 26 जनवरी से 30 जनवरी 2024 तक प्रदेश के सभी ब्लाकों में ध्वजवंदन और ‘‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ निकालेगी। इस दौरान प्रत्येक ब्लाक मुख्यालय पर ध्वजवन्दन होगा और भारत जोड़ो न्याय यात्रा को प्रतिबिम्बित करती हुई एक झांकी भी निकाली जायेगी। 

उन्होंने आगे बताया कि यात्रा के दौरान रास्ते में पड़ने वाले शहीदों और महापुरूषों के स्थलों पर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी जायेगी। साथ ही रास्ते में किसी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवार का घर पड़ता है तो वहां जाकर परिवारजनों से मिलकर उनका सम्मान किया जायेगा। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रदेश कांग्रेस कोषाध्यक्ष शिव पाण्डेय, सेवादल कांग्रेस के मुख्य संगठक डॉ0 प्रमोद पाण्डेय, प्रदेश प्रवक्ता मनीष हिंदवी, प्रियंका गुप्ता, डॉ0 अलीमुल्लाह खान, सचिन रावत, अशोक सिंह, राजेश सिंह काली और अमित त्यागी मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें:- यूपी में गणतंत्र दिवस की तैयारियां पूरी, चप्पे पर पुलिस की नजर, लखनऊ में कमिश्नर ने परखी सुरक्षा व्यवस्था, वाहनों की हुई चेकिंग

संबंधित समाचार