मासूम बच्चे को गणतंत्र दिवस परेड के दौरान कुत्तों ने नोच डाला, लखनऊ ट्रामा सेंटर में भर्ती
बाराबंकी, अमृत विचार। आवारा कुत्ते शहर के लिए बड़ी समस्या बन गए हैं। यह कुत्ते राह चलते व्यक्ति को न सिर्फ दौड़ते हैं बल्कि आक्रामक होकर काटने दौड़ते हैं। शुक्रवार को जब लोग गणतंत्र दिवस का जश्न मना रहे थे एक पुलिसकर्मी के 2 वर्षीय मासूम बच्चे को कुत्तों ने नोच डाला। बच्चों को गंभीर हालत में जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। जहां हालत गंभीर होने के बाद उसे लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया है।
पुलिस लाइन में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स एएनटीएफ थाना स्थित है। इसी थाने में हेड कॉन्स्टेबल के पद पर तैनात गौरव तिवारी परिवार सहित शहर में ही किराए के मकान में रहते हैं। पुलिस लाइन के परेड ग्राउंड में गणतंत्र दिवस समारोह चल रहा था, इसी में उनका बच्चा भी आया था, कुछ ही समय में जब वह लघुशंका के लिए गए। उतनी ही देर में बच्चा कहीं ओझल हो गया, आनन फानन में बच्चे की तलाश शुरू की गई,कुछ ही देर में उसे कुत्तों के भौंकने और बेटे की चीख सुनाई पड़ी। साथी पुलिस कर्मियों के साथ वह पास में ही झाड़ियां की ओर पहुंचा तो वहां का नजारा देखकर दंग रह गए। वहां कुत्ते मासूम को काट रहे थे। आनन-फानन में कुत्तों को भगाया गया । कुत्तों के हमले से लहूलुहान मासूम को लेकर पुलिसकर्मी तुरंत जिला अस्पताल पहुंचे। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे केजीएमयू के ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। कुत्तों ने बच्चे के पेट, पैर और सिर पर काटा है। पेट में बहुत ज्यादा घाव है। बच्चे के पूरे शरीर पर पट्टी बंधी है, बच्चे की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है, जिसका इलाज लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है।
एएनटीएफ के सब इंस्पेक्टर सूरज सिंह ने बताया कि कुत्तों की संख्या 4-5 थी, घायल मासूम का इलाज लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है, उन्होंने बताया कि डॉक्टर प्रयास कर रहे, मासूम की सेहत में सुधार हो रहा है। बताया जाता है कि शहर के हर गली मोहल्ले में आवारा कुत्तों का जबरदस्त आतंक है। लोगों का शाम ढलने के बाद चलना मुश्किल हो गया है।
ये भी पढ़ें -अयोध्या : उल्लास के साथ मना गणतंत्र दिवस, बच्चों की प्रस्तुतियों ने छोड़ी छाप
