गोंडा: पांच लाख रुपये दहेज की खातिर विवाहिता को गला दबाकर मार डाला
कमरे में मिला शव, मृतका के बाबा ने ससुराली जनों पर लगाया हत्या का आरोप, भाई ने दी तहरीर
गोंडा, अमृत विचार। तरबगंज थाना क्षेत्र के घांचा गांव में दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों ने एक विवाहिता की गला दबाकर हत्या कर दी। शनिवार की सुबह उसका शव उसके कमरे में टेबल फैन से बंधा मिला। मामले में मृतका के बाबा ने उसके पति व अन्य ससुरालीजनों पर हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और घटना की छानबीन कर रही है।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के चौघड़िया गांव के रहने वाले लाल बिहारी तिवारी के मुताबिक उन्होंने अपनी पोती पिंकी का विवाह 6 साल पहले तरबगंज थाना क्षेत्र के घांचा गांव के रहने वाले सलिल मिश्रा के साथ किया था। लाल बिहारी का कहना है कि विवाह के समय उन्होंने ₹5 लाख की नकदी व अन्य घरेलू सामान दहेज के रूप में दिया था, लेकिन पिंकी के ससुराल वाले इस दहेज की रकम से संतुष्ट नहीं थे। वह पिंकी पर और पांच लाख रुपये दहेज लाने का दबाव बना रहे थे।
दहेज की मांग पूरी न होने पर पिंकी को घर से भगाने और उसे जान से मारने की धमकी दी जा रही थी। लास बिहारी का आरोप है कि दहेज की डिमांड पूरी न होने पर पिंकी के पति सलिल मिश्रा, जेठ सुशील मिश्रा, जेठानी संगीता व सुशील के बेटे वैभव ने शुक्रवार की रात पिंकी की गला दबाकर हत्या कर दी।
शनिवार की सुबह उन्हे घटना की जानकारी मिली तो वह पिंकी की ससुराल पहुंचे। वहां पिंकी का शव उसके कमरे में बेज पर पड़ा था और उसके गला दुपट्टे से कसकर उसे बगल में रखे टेबल फैन से बांध दिया गया था। पोती की यह हालत देख वह बदहवाश हो गए। उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मृतका के शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मामले में मृतका के भाई पुष्पेंद्र ने उसके पति सलिल समेत अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है।
ये भी पढ़ें -बिहार में सियासी उठापटक तेज, मांझी से मिले सम्राट तो चिराग पासवान ने शाह से की मुलाकात
