सुलतानपुर: किशोर पर चाकू से हमला, गंभीर हालत में लखनऊ रेफर 

Amrit Vichar Network
Published By Sachin Sharma
On

बल्दीराय, सुलतानपुर। थाना क्षेत्र के सोनबरसा गांव के समीप दिनदहाड़े किशोर को चार पहिया वाहन सवार अज्ञात लोगों ने चाकू से हमला कर दिया। किशोर के गले पर चाकू लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। किशोर की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने हायर सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। 

बल्दीराय थाना क्षेत्र के पूरे हनुमान दुबे मजरे ऐंजर गांव में अपने ननिहाल में रह रहा अयांश शुक्ला (15) पुत्र शिव कुमार शुक्ला अपने मामा के घर से मां गोलहन भवानी समरथपुर थाना क्षेत्र बल्दीराय दर्शन करने गया था। दोपहर तीन बजे के करीब समरथपुर से देहली बाजार सोनबरसा मार्ग से घर आ रहा था। रास्ते में सोनबरसा प्राथमिक विद्यालय के समीप बरगद के पेड़ के पास अज्ञात लोगों ने युवक के गले पर चाकू से हमला कर दिया। हमले से किशोर घायल हो गया।

घायल अवस्था में साइकिल से अपने मामा के घर पहुंचा। मामा के घर के परिजनों ने आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बल्दीराय ले गए। जहां पर चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज सुलतानपुर रेफर कर दिया। किशोर की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। घटना के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। घटना का अंजाम देने वाले हमलावर चार पहिया वाहन पर सवार थे। स्थानीय पुलिस व क्षेत्राधिकारी ने घटनास्थल पहुंचकर जायजा लिया। घायल किशोर की मामी ने घटना की पुलिस को तहरीर दी है। 

अयांश शुक्ला मूल रूप से पूरे निहाली शुक्ला थाना इनायतनगर जनपद अयोध्या का रहने वाला है। वह कई वर्षों से अपने मामा के घर रहकर पढ़ाई करता था। अयांश कक्षा नौ का राजदेव इंटर कॉलेज ऐंजर का छात्र है। थानाध्यक्ष बल्दीराय आरबी सुमन ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

Untitled-35 copy

यह भी पढ़ें: रायबरेली में कोहरा बना काल!, सड़क हादसों में एक की मौत, पांच घायल, कोहराम

संबंधित समाचार