Kanpur में 48 घंटे के अंदर छह लोगों ने जिंदगी ने तोड़ा नाता, पोस्टमार्टम हाउस में अपनों के शव देख बिलखते रहे परिजन
कानपुर में अलग-अलग हादसों में छह लोगों की मौत।
कानपुर में बीते 48 घंटे में अलग-अलग हादसों में छह लोगों की मौत हो गई। अपनों की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। घटना की सूचना पर पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
कानपुर, अमृत विचार। शहर में बीते 48 घंटे में अलग-अलग हादसों में छह लोगों की मौत हो गई। अपनों की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। घटना की सूचना पर पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पोस्टमार्टम हाउस में अपनों के शव देख उनके परिवार के लोग बिलखते रहे।
केस एक
प्रेमिका से विवाद के बाद फांसी पर झूला युवक
कल्याणपुर थानाक्षेत्र के बसाइतपुर निवासी चट्टा संचालक प्रशांत यादव ने बताया कि 25 जनवरी को उनकी बिल्हौर निवासी बुआ की मौत हो गई थी। वह मां कुसुम के साथ बिल्हौर गया था। घर में उनकी पत्नी गुड़िया, बेटा आस्तिक (7) व छोटा भाई निशांत (21) घर में थे। बताया कि 26 जनवरी दोपहर को उनकी पत्नी व बेटा छत पर धूप सेंक रहे थे।
इसी दौरान निशांत रामपुर निवासी प्रेमिका से फोन पर बात कर रहा था। फोन पर विवाद के बाद निशांत ने नीचे कमरे में आकर पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। आस्तिक ने कमरे में शव लटका देख परिजनों को जानकारी दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने कल्याणपुर पुलिस को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
केस दो
अवसादग्रस्त बीसीए छात्र फांसी पर झूला, मौत
जनता नगर, बर्रा सात निवासी सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि उनका बेटा अभिषेक (17) पढ़ने में काफी होनहार था। हाईस्कूल में अभिषेक 92.6 व इंटर में 98.2 प्रतिशत अंक आए थे। अभिषेक वीरेंद्र स्वरुप कॉलेज से बीसीए की पढ़ाई कर रहा था। पिता सुनील ने बताया कि अभिषेक बीते एक वर्ष से अवसादग्रस्त था, जिसका इलाज भी कराया जा रहा था। शुक्रवार रात अभिषेक ने पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह करीब छह बजे बड़ा भाई मनीष उठा तो शव पर फंदे पर लटका पाया। परिजनों की सूचना पर बर्रा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम भिजवाया।
केस तीन
पड़ोसियों के तानों से आहत विवाहिता फंदे पर झूली
छपेड़ा पुलिया निवासी लाखन ने बताया कि उनकी बहन पूजा की शादी वर्ष 2012 में मध्य प्रदेश सतना निवासी संतोष से हुई थी। दोनों के दो बच्चे श्रेया (8) व बेटा ऋषि (5) है। पति से अनबन के बाद पूजा बच्चों के साथ रोशन नगर स्थित राम बिहार रोड पर बदलू सिंह के मकान में किराए पर रह रही थी। लाखन ने बताया कि पड़ोस में रहने वाली महिला पूजा के क्षेत्र के ही युवक से अवैध संबंध का आरोप लगाती थी, जिस पर बीते गुरुवार को पूजा का महिला से विवाद हुआ था।
विवाद के बाद पूजा कमरा खाली कर मायके में रहने की तैयारी कर रही थी। शुक्रवार दोपहर पूजा ने पंखे के दुपट्टे का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। कई बार फोन करने पर भी फोन न उठाने पर पिता लल्लू सिंह घर पहुंचे। दरवाजा खटखटाने पर पिता ने खिड़की से झांक कर देखा तो पूजा का शव फंदे से लटक रहा था। परिजनों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम भिजवा कर युवक व उसकी मां को हिरासत में लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। युवती के पास से डायरी मिली है, जिसे फोरेंसिक टीम ने जब्त किया है।
केस चार
राजमिस्त्री ने जंगल में लगाई फांसी
चकेरी थानाक्षेत्र निवासी राजमिस्त्री ने घर से चार सौ मीटर दूर स्थित जंगल में पेड़ पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। लालबंगला, ओमपुरवा निवासी सीमा ने बताया कि उनके पति पप्पू पासवान (55) राजमिस्त्री थे। उनके तीन बेटे व एक बेटी है। सीमा ने बताया कि 25 जनवरी को सुबह करीब सात बजे पप्पू घर से निकले थे। दोपहर में जंगल में गुजर रहे क्षेत्रीय लोगों ने पप्पू का शव फंदे से लटका देख परिजनों को घटना का जानकारी दी। मौक पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम भिजवाया।
केस पांच
सड़क किनारे अचेत महिला की हैलट में मौत
फतेहपुर, एकारी गांव निवासी राम विशाल ने बताया कि उनके दो बेटे विमलेश, कमलेश व बेटी आशा (22)थी। भाई विमलेश ने बताया कि दीपावाली पर चकेरी निवासी युवक आशा को शादी का झांसा देकर ले गया था। युवक ने आशा को घर से भगा दिया, जिसके बाद से आशा पीएसी मोड़ के पास भीख मांग कर गुजारा कर रही थी। कुछ दिन पूर्व आशा चकेरी पुलिस को बेसुध हालत में पीएसी मोड़ पर मिली थी। जिस पर पुलिस ने उसे हैलट अस्पताल में भर्ती कराया था। बीते 22 जनवरी को आशा की हैलट में मौत हो गई, लेकिन हैलट प्रशासन ने बिना पुलिस को जानकारी दिए शव मोर्चुरी में रखवा दिया। तीन दिन बाद 26 जनवरी को हैलट प्रशासन ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। जिसके बाद चकेरी पुलिस ने परिजनों को खोज कर घटना की जानकारी देकर शव का पोस्टमार्टम कराया।
केस छह
खेत की रखवाली को गए युवक की मौत
नर्वल थानाक्षेत्र निवासी किसान की खेत में गिरने से मौत हो गई। दीपापुर निवासी शोभा देवी ने बताया कि उनके पति रामप्रसाद (39) खेती करते थे। उनके चार बच्चे विमलेश (14), प्रियांशु (12), मंझिल (10) व बेटी गुड़िया (8) है। बताया कि बीते 25 जनवरी की रात रामप्रसाद खेतों की रखवाली करने गए थे। 26 जनवरी की शाम खेत से गुजर रहे ग्रामीणों ने रामप्रसाद का शव खेतों में पड़ा देख परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजनों की सूचना पर नर्वल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम भिजवाया।
ये भी पढ़ें- UP: लाजपत भवन में क्राफ्ट बाजार में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने की शिरकत, बोली- कृषि के बाद रोजगार का बड़ा साधन है...
