रायबरेली: स्मृति ईरानी दो लाख भक्तों को अयोध्या धाम में कराएंगी प्रभु रामलला के दर्शन
तीन लाख घरों तक पहुंचाया जाएगा अयोध्या धाम का प्रसाद
परशदेपुर, रायबरेली, अमृत विचार। केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी ने अपने संसदीय क्षेत्र के भक्तों को अयोध्या धाम का दर्शन कराने और घरों तक प्रसाद पहुंचाने का दायरा बढ़ा दिया है। अब केंद्रीय मंत्री अमेठी संसदीय क्षेत्र के दो लाख से अधिक लोगों को बसों के माध्यम से अयोध्या धाम भेजकर भगवान श्रीराम का दर्शन कराएंगी। साथ ही तीन लाख से अधिक घरों तक अयोध्या धाम की प्राण-प्रतिष्ठा का प्रसाद भी पहुंचाएंगी।
इसके पूर्व 40 हजार से अधिक लोगों को अयोध्या धाम की श्रवण यात्रा करवाने की योजना थी लेकिन लोगों की मांग पर केंद्रीय मंत्री अब अपने संसदीय क्षेत्र के अधिक से अधिक लोगों अयोध्या धाम भेजकर प्रभु श्रीराम का दर्शन कराएंगी। फरवरी के प्रथम सप्ताह में संसदीय क्षेत्र के दो लाख से अधिक लोगों को अयोध्या धाम की श्रवण यात्रा पर बस से भेजा जाएगा और सभी को भगवान श्रीराम का दर्शन कराया जाएगा।
केंद्रीय मंत्री के निर्देश पर उत्थान सेवा संस्थान द्वारा अमेठी संसदीय क्षेत्र के तीन लाख परिवारों तक भगवान श्रीराम की प्राण-प्रतिष्ठा का प्रसाद पहुंचाने का कार्य भी शुरू कर दिया गया है। केंद्रीय मंत्री के प्रतिनिधि विजय गुप्ता ने बताया कि जरूरत पड़ने पर इस संख्या को और बढ़ाया भी जा सकता है।
उन्होंने कहा कि दीदी की इच्छा है कि उनके संसदीय क्षेत्र का हर व्यक्ति जो प्रभु श्रीराम का दर्शन करना चाहता है, उसे अयोध्या धाम दर्शन-पूजन के लिए जरूर भेजा जाए। साथ ही ज्यादा से ज्यादा घरों तक अयोध्या धाम का प्रसाद भी पहुंचाया जाए। प्रसाद वितरण का कार्य शुरू हो गया है। फरवरी के प्रथम सप्ताह में अयोध्या धाम के दर्शन का कार्य शुरू हो जाएगा।
यह भी पढ़ें: लखनऊ : डॉ. जीएन सिंह को याद आये पद्मश्री डॉ. नित्यानंद के साथ बिताये पल, कहा- किसी और मुल्क में होते तो मिलता नोबेल
