इंग्लैंड के संसद परिसर में गूंजी श्रीरामधुन, रामचरितमानस का हुआ पाठ, हरदोई के इंजीनियर बेटे ने निभाया अहम रोल!
हरदोई। अयोध्या में श्रीराम मन्दिर प्राण प्रतिष्ठा की गूंज श्री रामोत्सव के रूप में देश-दुनिया में है। इसी क्रम में इंग्लैंड के पार्लियामेंट परिसर में सनातन संस्था आफ यूनाइटेड किंगडम के तत्वावधान में युगपुरुष विषयक भक्ति संगीतमय आयोजन राज राजेश्वर और साध्वी सूर्याप्रभा की उपस्थिति में हुआ जिसमें स्मिता पाण्डेय और चंदा झा के साथ महिलाओं ने श्रीराम भजन गाया।
इस मौके पर श्रीरामचरितमानस का पाठ भी किया गया। इसमें नघेटा मार्ग हरदोई के लंदन में साफ्टवेयर इंजीनियर राज तिवारी भी जुड़े हैं। दो दशक से लन्दन में रह रहे नघेटा मार्ग हरदोई के साफ्टवेयर इंजीनियर राज तिवारी देश दुनिया को नयी तकनीक देने के साथ ही सांस्कृतिक व आध्यात्मिक संस्था मंगलम् और श्रीराम जानकी सेवा समिति के ट्रस्टी के रूप में भारतीय सनातन संस्कृति को विश्वव्यापी बनाने में जुटे हैं।
इस बारे में इंजीनियर राज तिवारी ने बताया कि इंग्लैंड में रहते हुए वह 20 वर्षों से वहां रह रहे लोगों के साथ मिलकर होली, दीवाली, दशहरा आदि सभी भारतीय त्यौहार और पर्व मनाते चले आ रहे हैं। इस बार अयोध्या में श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के पलों की खुशी को भी सभी लोगों ने इंग्लैंड में हर्षोल्लास से समारोह मनाकर साझा किया।
नघेटा मार्ग हरदोई पर रह रहे इंजीनियर राज तिवारी के बड़े भाई डा. नीरज कुमार तिवारी ने बताया कि धार्मिक प्रवृत्ति के पिता के कारण पूरा परिवार में धर्म संस्कृति और आध्यात्म चिंतन का प्रभाव पड़ा। जिसमें राज तिवारी अपनी पढ़ाई के साथ ही सबसे आगे रहे और इग्लैंड में जाकर भी उन्होंने नौकरी करते हुए सनातन संस्था आफ यूनाइटेड किंगडम और मंगलम सहित श्रीराम जानकी सेवा समिति से जुड़कर भारतीय धर्म संस्कृति को आगे रखा। डॉ. नीरज कुमार तिवारी ने कहा कि उन्हें बहुत खुशी हुई जब लंदन के पार्लियामेंट परिसर में श्रीराम से जुड़े भक्ति से भरे संगीतमय भजन गूंजे।

यह भी पढ़ें: हमारे पूर्वजों की गौरव गाथा का लेख नई पीढ़ी का मार्गदर्शन करेगा : न्यायमूर्ति राहुल चतुर्वेदी
