अयोध्या: सिटी स्टेशन मामले ने पकड़ा तूल, कांग्रेस भी आई समर्थन में, आक्रोशित लोगों ने adrm को सौंपा ज्ञापन, कह दी बड़ी बात
अयोध्या। सिटी स्टेशन पर ट्रेनों का परिचालन ठप करने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। अब आम लोगों के समर्थन में कांग्रेस भी आ गई है। रविवार को बड़ी संख्या में स्थानीय लोग अयोध्या धाम जंक्शन पहुंचे। एडीआरएम को ज्ञापन सौंपकर आचार्य नरेंद्र देव नगर रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों का परिचालन फिर से शुरू करने की मांग की है।
उत्तर रेलवे के डीआरएम एसएन शर्मा के नाम संबोधित ज्ञापन में लिखा गया है कि अयोध्या शहर के मध्य में स्थित आचार्य नरेंद्र देव नगर रेलवे स्टेशन लगभग 100 वर्षों से अधिक समय से जाना व पहचाना जाता है। आज जब भव्य राम मन्दिर का उद्घाटन हुआ है तो इस स्टेशन का महत्व भी बढ़ गया है। स्टेशन से लगभग 15 लाख रुपये से अधिक की आय भी होती है। स्टेशन को हाल्ट का दर्जा न दिया जाए।
ओमपुरम कॉलोनी निवासी एडवाकेट अश्विनी सक्सेना ने बताया आरपी सिंह और एडवाकेट अतुल श्रीवास्तव ही ज्ञापन देने के लिए एडीआरएम के पास जा सके। एडीआरएम की तरफ से कहा गया कि परिचालन संबंधी फैसला बोर्ड की तरफ से लिया गया था। ज्ञापन डीआरएम के सामने भी रखा जाएगा।
अश्वनी ने बताया कि पूर्व सांसद निर्मल खत्री ने सिटी स्टेशन पर काफी सुविधाएं शुरू कराई थी। अब एक ज्ञापन सांसद लल्लू सिंह को भी दिया जाएगा। उनसे मांग की जाएगी कि जल्द से जल्द ट्रेनों का परिचालन शुरू कराया जाए। ज्ञापन देने गए लोगों में पवन मिश्र, विवेक सिंह, अमिता गौतम, आकांक्षा देवी, जेपी चौरसिया आदि मौजूद रहे।
पहले गोदाम बनाया फिर मूर्ति दरकिनार कर दी गई
समाजवादी चिंतक आचार्य नरेंद्र देव के नाम पर बने नरेंद्र देव सिटी स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव को बंद करने की कांग्रेस पार्टी के नेताओं ने भर्त्सना की है। महानगर अध्यक्ष वेद सिंह कमल व जिला प्रवक्ता सुनील कृष्ण गौतम ने कहा की पहले आचार्य नरेंद्र देव के नाम पर स्थापित नरेंद्रालय को नगर निगम का गोदाम बना दिया गया उसके बाद उनके नाम पर स्थापित सिविल लाइंस के पार्क में उनकी मूर्ति दरकिनार कर दी गई। प्रशासन और सरकार से मांग की है कि आचार्य नरेंद्र सिटी स्टेशन पर पहले की ही भांति ट्रेनों के ठहराव को सुचारू से संचालित किया जाए।
यह भी पढ़ें: प्रयागराज: रंग लाया श्रमिक कॉलोनी का प्रदर्शन, मांग रहे थे मालिकाना हक, सीएम योगी ने कर दिया यह काम...
