सीतापुर: रविवार शाम से लापता डॉक्टर का गन्ने के खेत में मिला शव, इलाके में सनसनी
घर से पत्नी की दवा लेने के लिए निकले थे बाजार, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सीतापुर,अमृत विचार। तालगांव थाना इलाके में कल शाम से लापता एक डॉक्टर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से हड़कंप मच गया। परिजनों ने शव मिलने की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। परिजनों ने मृतक के साथ अनहोनी की आशंका जताई है।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के ग्राम विसुन नगर दसेलिया निवासी रामजीवन (45) पुत्र नत्था राम पेशे से जानवरों के डॉक्टर है। बताया जाता है कि रविवार की देर शाम करीब 6 बजे अपनी पत्नी की दवा लेने के लिए रिखौना बाजार गये थे। परिजनों ने बताया कि वह काफी देर तक वापस नहीं लौटे तो उनके पास मौजूद मोबाइल पर सम्पर्क किया। फोन स्विच ऑफ आने की वजह से परिजनों की चिंता बढ़ी तो उन्होंने डॉक्टर की खोजबीन शुरू की। सोमवार की सुबह डॉक्टर का शव गांव से करीब 2 किलोमीटर दूर गन्ने के खेत में मिला।

सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि शव पर किसी चोट के निशान नहीं मिलें है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्यवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें:-Sakat Chauth: सकट चौथ व्रत आज, बेटों की लंबी उम्र के लिए मां मांगेंगी दुआएं, जानिए चंद्रोदय का समय
