सांसद खेल स्पर्धा: लखनऊ में होने जा रही अनोखी दौड़, साड़ी पहनकर 5 किलोमीटर दोड़ेंगी महिलाएं, देखने लायक होगा नजारा

Amrit Vichar Network
Published By Sachin Sharma
On

मोहनलालगंज से सांसद कौशल किशोर ने दी जानकारी, महिलाओं की सेमी क्वार्टर मैराथन दौड़ बनेगी रोचक

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में 'सांसद खेल स्पर्धा' के तहत मोहनलालगंज लोकसभा क्षेत्र की सभी विधानसभाओं में युवाओं और महिलाओं की खेल में भागीदारी बढ़ाने के लिए 10 फरवरी से प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जायेगा। इन प्रतियोगिताओं में कबड्डी, खो-खो, एथलेटिक्स, वॉलीबाल, टेनिस क्रिकेट समेत क्षेत्रीय लोकप्रिय खेल होंगे।

खास बात ये है कि इन प्रतियोगिता में लखनऊ में विधानसभा स्तर पर महिलाओं की 5 किलोमीटर की एक अनोखी सेमी क्वार्टर मैराथन दौड़ का आयोजन किया जा रहा है। दरअसल, सेमी क्वार्टर मैराथन दौड़ में प्रतिभागी महिलाएं साड़ी में दौड़ेंगी। वहीं साड़ी पहनकर मैराथन दौड़ का आयोजन इतिहास में पहली बार होने जा रहा है। इस बात की जानकारी सोमवार को केंद्रीय राज्य मंत्री कौशल किशोर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दी।

कौशल किशोर ने बताया कि भारतीय परिधान और संस्कृति के साथ देश की महिलाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए महिलाओं की 5 किलोमीटर की सेमी क्वार्टर मैराथन दौड़ का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें सभी प्रतिभागी महिलाएं साड़ी में दौड़ेंगी। उन्होंने बताया कि 'सांसद खेल स्पर्धा' के तहत 10  फरवरी को मोहनलालगंज विधानसभा,11 फरवरी को बीकेटी, 13 फरवरी को सिधौली, 15 फरवरी को मलिहाबाद और 17 फरवरी को सरोजनीनगर विधानसभा में सेमी क्वार्टर मैराथन दौड़ का आयोजन किया जायेगा। 

कौशल किशोर ने आगे कहा कि सांसद खेल स्पर्धा का मुख्य उद्देश्य खेलों के प्रति युवाओं और महिलाओं की रुचि बढ़ाना, उन्हें और अधिक प्रतिभावान बनाना है। इससे आगे चलकर युवाओं, युवतियों और महिलाओं को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को विकसित भारत आत्मनिर्भर भारत बनाने के लिए कार्य कर रहे हैं और विकसित और आत्मनिर्भर भारत बनाने में युवाओं महिलाओ की भागीदारी अहम है इसलिए सभी क्षेत्रों में युवाओं और खासकर महिलाओं को आगे आना है और विकसित भारत बनाने में अपना सार्थक योगदान देना है।

ये भी पढ़ें: बहराइच: ढोलक और चिमटे के साथ सिख समुदाय ने निकाली प्रभात फेरी, डिहवा गांव में आज मनाया गया प्रकाश पर्व

संबंधित समाचार