रामलला के दर्शन को बचे सिर्फ 20 किलोमीटर..., 'रामभक्त' मुस्लिम बिटिया का रानी बाजार में हुआ जोरदार स्वागत
मुंबई से चलीं शबनम शेख अब तक कर चुकी हैं 1400 किमी. की यात्रा, सीएम योगी ने मिलने की है तमन्ना...
रानीबाजार, अयोध्या। अयोध्या धाम में रामलला का दर्शन करने पैदल मुंबई से निकली मुस्लिम युवती शबनम शेख का रानी बाजार में स्वागत किया गया। लोगों ने रामनामी गमछा भेंटकर मुस्लिम बिटिया का स्वागत किया। शबनम शेख ने बताया पैदल यात्रा करते हुई आज 40 दिन हो गया है। अब तक 1400 किलोमीटर की यात्रा कर चुकी हूँ। अब शेष 20 किलोमीटर की यात्रा बाकी है।
सहयोगी विनीत पांडेय व रमन राज शर्मा मुंबई और शुभम गुप्ता भोपाल से चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि रामायण, रामलीला, भगवान श्री राम पर आधारित धारावाहिक को देखने व सुनने का बचपन से शौक है। शबनम ने कहा कि रामलला के दर्शन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भेंट करने की इच्छा है।
अयोध्या में रामभक्तों ने तोड़ डाला सारा रिकार्ड, लाखों ने किए दर्शन
श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद रामनगरी में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं का जत्था अनवरत देखा जा सकता है। प्राण प्रतिष्ठा से लेकर अबतक छह दिनों में 18.75 लाख से अधिक रामभक्तों ने नव्य-भव्य मंदिर में दर्शन-पूजन कर किया है। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दिशानिर्देश पर गठित उच्चस्तरीय कमेटी की देखरेख में श्रद्धालुओं को सुगमता के साथ दर्शन-पूजन की व्यवस्था उपलब्ध कराई जा रही है।
प्राण प्रतिष्ठा के बाद पहले दिन यानी 23 जनवरी को मंदिर के पट भक्तों के लिए खुले तो लाखों की संख्या में श्रद्धालु उमड़ पड़े। जानकारी के अनुसार रोजाना दो लाख से अधिक रामभक्त श्रीरामलला के दरबार में सुगमता पूर्वक पहुंचकर दर्शन-पूजन कर रहे हैं।
अयोध्या नगर से लेकर मंदिर परिसर में दिनभर जय श्रीराम का जयघोष गूंज रहा है। देश-विदेश, विभिन्न राज्यों और उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से रोजाना बड़ी संख्या में श्रद्धालु श्रीरामलला के दर्शन को पहुंच रहे हैं। वहीं रविवार को भी करीब 3.25 लाख कि संख्या में श्रद्धालुओं ने श्रीरामलला के दर्शन किए।
लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या
23 जनवरी - 5 लाख
24 जनवरी - 2.5 लाख
25 जनवरी - 2 लाख
26 जनवरी - 3.5 लाख
27 जनवरी - 2.5 लाख
28 जनवरी - 3.25 लाख
यह भी पढ़ें: गुरुओं को शीश नवा अयोध्या पहुंचे योगी, रामलला और हनुमानगढ़ी के किये दर्शन, देखें videos
