गोंडा डॉक्टर सुसाइड केस: पिता की तहरीर पर पत्नी, साली व साले के खिलाफ एफआईआर दर्ज, जानें वजह
मृतक डॉक्टर के पिता की तहरीर पर पुलिस ने दर्ज की आत्महत्या के लिए उकसाने की रिपोर्ट
गोंडा, अमृत विचार। नगर कोतवाली क्षेत्र के न्यू इंदिरा नगर कालोनी में रहने वाले डाक्टर के सुसाइड मामले में पुलिस ने उसकी पत्नी, साली व साले के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की रिपोर्ट दर्ज की है। मामले में मृतक के पिता ने तीनों के खिलाफ तहरीर दी थी। सुसाइड से पहले डॉक्टर ने भी अपने सुसाइड नोट में अपनी पत्नी,साली व साले को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया था।
नगर कोतवाली क्षेत्र के न्यू इंदिरा नगर कालोनी के रहने वाले डा देवी दयाल (40) ने शुक्रवार दोपहर तीन बजे के करीब अपने क्लिनिक पर फंदे से लटककर अपनी जान दे दी थी। आत्महत्या से पहले डॉक्टर देवी दयाल ने एक सुसाइड नोट लिखा था और विडियो संदेश रिकॉर्ड कर अपने करीबियों को भेजा था। इसमें डाक्टर ने अपनी मौत के लिए अपनी पत्नी प्रिया यादव, साली भारती व साले राजू को जिम्मेदार बताया था।
डॉक्टर ने अपने सुसाइड नोट में लिखा था कि "मैं डॉ देवी दयाल अपनी अपनी लाइफ खत्म करने जा रहा हूं। उसका कारण मेरी पत्नी प्रिया यादव और उसका परिवार है। मैं बहोत ज्यादा डिप्रेशन में हूं।वह जब से आई है तब से सिर्फ मेरे परिवार और मुझ पर इल्जाम लगा रही है। पिछले दो महीने से बहोत ज्यादा मेंटल टॉर्चर किया है उसने मेरा। मुझे व मेरे परिवार को बुरा बोलती है। मैं पागल हो गया हूं। उसकी बात पूरा लाइफ मेरा चैंज हो गया है। उसके शक और मिस अंडरस्टैंडिंग की वजह से आज मैं सुसाइड करने जा रहा हूं"।
इसके बाद उन्होने अपनी क्लीनिक पर ही फंदे से लटककर अपनी जान दे दी थी। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसका पोस्टमार्टम कराया था। मामले में मृतक के पिता श्यामनाथ यादव ने उसकी पत्नी प्रिया,साली भारती व साले राजू के खिलाफ नगर कोतवाली में आत्महत्या के लिए उकसाने की रिपोर्ट दर्ज करायी है। नगर कोतवाल राजेश सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गयी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
यह भी पढ़ें:-गोंडा: हत्यारोपी दूर, मोबाइल तक नहीं कर सकी बरामद, चार दिन बाद भी पुलिस खाली हाथ
