बरेली: मुश्किल में अफसर... लेकिन सांड हैं कि मानते नहीं

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। चार दिन पहले संजयनगर में एक गुस्साए सांड के हमले में सेंट्रल स्टेट कॉलोनी निवासी बुजुर्ग करुणाशंकर पांडेय को पटक-पटककर मार देने की घटना के बाद कहने को नगर निगम शहर में छुट्टा पशुओं को पकड़ने का अभियान चला रहा है लेकिन फिर भी यह समस्या कम नहीं हो रही है। 

सोमवार को भी दो सांडों ने ईसाइयों की पुलिया के पास सड़क को अपनी जंग का मैदान बना लिया तो आसपास मौजूद लोगों की धड़कनें बढ़ गईं। आखिरकार, इधर से गुजरती एक नई कार का अगला हिस्सा लड़ते सांडों के आ गिरने से कबाड़ में तब्दील हो ही गया।

छुट्टा गाय और सांडों की समस्या काबू से बाहर हो गई है। चुनाव के कारण चिंतित जनप्रतिनिधियों का पूरा दबाव अफसरों पर है लेकिन इन जानवरों की तादाद इतनी ज्यादा हो चुकी है कि अफसर सड़कों और मोहल्लों को उनसे मुक्त कराने के लिए कोई रास्ता नहीं तलाश पा रहे हैं। सोमवार दोपहर ईसाइयों की पुलिया के पास दो सांड आपस में भिड़ गए। सड़क पर इससे ट्रैफिक रुक गया और लोगों में भगदड़ मच गई। कुछ लोगों ने सांडों को भगाने की कोशिश की लेकिन करीब 20 मिनट तक वे सड़क पर ही डटे रहे। इस बीच सड़क पर ट्रैफिक भी रुक गया और लंबा जाम लग गया।

लड़ते हुए दोनों सांड एक कार के ऊपर जा गिरे। इससे कार का बोनट पिचकने के साथ उसका अगला शीशा और हेडलाइट भी टूट गई। कार में बैठे लोग भी बाल-बाल बच गए। लड़ते-लड़ते दोनों सांड़ जब थककर पस्त हो गए तो अलग होकर अपनी-अपनी राह निकल लिए।

अब शहर में ऐसे नजारे आम
छुट्टा गायों के बारे में तो अफसर और नेता दोनों का दावा है कि उन्हें पशुपालक ही सड़कों पर खुला छोड़ देते हैं लेकिन शहर में सांडों की संख्या भी अब सैकड़ों में पहुंच चुकी है। सड़कों पर उनके राह चलते लोगों पर हमला कर देने की घटनाएं तो आम हैं ही, अक्सर सांडों की आपसी लड़ाई भी लोगों के लिए खतरा साबित होती है।

नगर निगम का दावा- 90 पशु पकड़े
संजयनगर में सांड के हमले में बुजुर्ग की मौत के बाद नगर निगम ने शहर में घूमने वाले गोवंशीय पशुओं को पकड़ने का अभियान चलाने का दावा किया है। कहा जा रहा है कि पिछले तीन दिनों में 90 छुट्टा पशु पकड़े गए हैं। हालांकि शहर में छुट्टा पशुओं की संख्या हजारों में है इसलिए 90 पशु पकड़े जाने का कोई फर्क नहीं दिख रहा है। सड़कों और मोहल्लों में अब भी छुट्टा पशुओं का भरमार दिख रही है।

ये भी पढे़ं- बरेली: टोना टोटका से हुई प्रेमी की मौत... प्रेमिका के पिता पर मृतक के भाई ने लगाए गंभीर आरोप

 

संबंधित समाचार