हरदोई: पिकेट ड्यूटी पर तैनात हेड कांस्टेबल और सिपाही को कार सवार युवकों ने पीटा, केस दर्ज
हरदोई। क्राइम कंट्रोल के दावे के बीच पिकेट ड्यूटी पर तैनात हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल की बुरी तरह से पिटाई कर दी गई। दरअसल दोनों पुलिसकर्मियों ने चेकिंग करने के लिए लग्ज़री कार रोकी, इस बात पर उस पर सवार लोग इतने आगबबूला हो गए कि उन्होंने दोनों सिपाहियों को बुरी तरह से पीट दिया। पिटाई से एक हमराही के दांत तक टूट गए।
पुलिस इस मामले में हेड कांस्टेबिल की तहरीर पर जांच कर रही है। जैसा कि बताया गया है कि पचदेवरा थाने में तैनात हेड कांस्टेबिल कांशीराम व कांस्टेबिल विकास कुमार रविवार को अनंगपुर चौराहे पर पिकेट ड्यूटी पर तैनात थे। इसी बीच देर रात में उधर से एक लग्ज़री कार गुज़री। जिस पर चार लोग सवार थे। इस पर दोनों हमराहियों ने कार को चेकिंग के इरादे से उसे रुकवाया।
इसी बात पर कार में सवार चारों लोग इतने आगबबूला हो गए कि उन्होंने आव देखा न ताव और हेड कांस्टेबिल व कांस्टेबिल को पीटने लगे। की गई पिटाई से हेड कांस्टेबिल कांशीराम के काफी चोटें आई है। उसके दांत टूटना बताया गया है। इस मामले में पचदेवरा पुलिस ने हेड कांस्टेबिल कांशीराम की तहरीर पर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
चार हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज
पचदेवरा थाने में तैनात हेड कांस्टेबिल कांशीराम की तहरीर पर पुलिस ने आनंदपुर निवासी चार हमलावरों प्रदीप सिंह, संग्राम सिंह, लल्ला व कल्लू के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इस बारे में एसएचओ पचदेवरा बालकृष्ण मिश्र ने बताया कि हमराहियों का मेडिकल कराया गया है। हमलावरों की तलाश की जा रही है।
यह भी पढ़ें : लखनऊ : नवजात बच्चे को अस्पताल में छोड़ भाग रही थी मां, डॉक्टर और पुलिस ने मिलकर समझाया
