लखनऊ: संपत्ति हड़पने के बाद घर घुसे दबंगों ने दंपती से की मारपीट
लखनऊ, अमृत विचार। चिनहट थानाक्षेत्र अन्तर्गत कमता इस्माइलगंज वार्ड में संपत्ति हड़पने के बाद घर में घुसे दबंगों ने तोड़फोड़ कर दंपति की बेरहमी से पिटाई कर दी। विरोध किए जाने पर आरोपी दंपति को जान से मारने की धमकी देते हुए घटनास्थल से भाग निकले। हालांकि, तहरीर के आधार पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है।
प्रभारी निरीक्षक अश्वनी चतुर्वेदी के मुताबिक, महानगर कोतवाली के पुराना हैदराबाद निवासी कैलाश मिश्र ने सुनील कुमार, राजेश अग्रवाल और उनकी पत्नी श्वैतिका अग्रवाल के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराई है। लिखित शिकायत में पीड़ित ने बताया कि वर्ष 2006 में उन्होंने इस्मालगंज क्षेत्र में एक जमीन खरीदी थी। इसके बाद वह जमीन पर बागवानी करने लगे। आरोप है कि वर्ष 2012 में आरोपी सुनील ने उनकी जमीन के फर्जी दस्तावेज तैयार कर राजेश अग्रवाल को बेच दिया। इसके बाद आरोपी उन्हें परेशान करने लगे।
पीड़ित ने बताया कि सितम्बर 2023 में आरोपी उनके घर में घुस आए। इसके बाद तोड़फोड़ कर आरोपियों ने पीड़ित व उसकी पत्नी से भी मारपीट की। हंगामा बढ़ने पर आरोपी उन्हें धमकी देते हुए घटनास्थल से भाग निकले। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मामले की गहनता से जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें:-Sakat Chauth: सकट चौथ व्रत आज, बेटों की लंबी उम्र के लिए मां मांगेंगी दुआएं, जानिए चंद्रोदय का समय
