बदायूं: जिले की 105 ग्राम पंचायतों में नहीं हुआ कोई कार्य, डीएम ने जताई नाराजगी
बदायूं, अमृत विचार। ओडीएफ प्लस के तहत चयनित 539 ग्राम पंचायतों में से 105 में अभी तक कार्य शुरू नहीं हो सके हैं। प्रगति शून्य है। साथ ही 12742 लाभार्थियों को दूसरी किस्त नहीं मिल सकी है। जिस पर डीएम ने के प्रति नाराजगी जताते हुए जल्द कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
साथ ही कहा है कि जल्द जिओ टैग कराकर किस्त जारी करने को कहा है। कलेक्ट्रेट स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में जिला स्वच्छता समिति की बैठक हुई थी। जिसमें जिलाधिकारी मनोज कुमार ने ओडीएफ प्लस बनाए जाने हेतु चयनित जनपद की 539 ग्राम पंचायत में युद्ध स्तर पर कार्य करने के लिए कहा है।
28 जनवरी तक 105 ग्राम पंचायतों में व्यय की प्रगति शून्य रहने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि चयनित सभी ग्राम पंचायतों में कार्य कराए जाएं तथा लक्ष्य को समय से प्राप्त किया जाए। तथा मॉडल ग्राम विकसित करने के लिए सबसे पिछड़े ग्रामों को चिन्हित करने के आदेश दिए हैं।
मुख्य विकास अधिकारी केशव कुमार ने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण फेस दो के अंतर्गत व्यक्तिगत शौचालय बनाने का लक्ष्य 25401 था जिसमें से सभी को प्रथम किस्त की धनराशि अवमुक्त की जा चुकी है। इनमें से 12659 को द्वितीय किश्त की धनराशि भी अवमुक्त की जा चुकी है तथा शत प्रतिशत जियो टेकिंग भी कराई जा चुकी है। बताया कि 5841 पात्र लाभार्थियों के डाटा को अप्रूव किया गया है, जिन्हें धनराशि अंतरित करने की कार्यवाही की जाएगी।
इस अवसर पर परियोजना निदेशक डीआरडीए,जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, वरिष्ठ कोषाधिकारी सहित अन्य अधिकारी व कार्मिक उपस्थित रहे।
गनगोला में स्थापित होगी वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट
विकासखंड दातागंज की ग्राम पंचायत गनगोला में नवीन प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट स्थापित की जाएगी। इसके लिए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को उपयुक्त भूमि चिन्हित करने के निर्देश दिए हैं। जिससे यूनिट स्थापित की जा सके।
