बाराबंकी: धनुष यज्ञ मेले में युवक ने की फायरिंग, बालक को लगी, मची भगदड़
फायरिंग करने वाले पर हत्या के प्रयास का केस, 14 दिन के लिए जेल भेजे गए तीन आयोजक
बाराबंकी, अमृत विचार। धनुष यज्ञ मेले में रात को रंगारंग कार्यक्रम के दौरान पूरा मेला ग्राउंड गोली की आवाज से गूंज उठा। गोली से निकले झर्रे से एक बालक घायल हो गया। इसके बाद भगदड़ मच गई। इसी बीच फायरिंग करने वाला युवक अपने साथियों के साथ कार लेकर फरार हो गया। इसकी सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
जहां से बालक को चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेजने के साथ आयोजक मंडल के तीन लोगों को पकड़कर थाने ले आई। जहां पर फायरिंग करने वाले युवक पर हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया। वहीं आयोजक मंडल के तीन लोगों को 14 दिन के जेल भेजा गया।
मामला बदोसराय कोतवाली क्षेत्र के किशुनदासपुर गांव का है। यहां पर तीन दिवसीय धनुष यज्ञ मेले का आयोजन किया गया था। यहां पर दोपहर से शाम तक रामलीला होने के बाद रात में रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इसमें नगर कोतवाली के सफेदाबाद से नृतकी बुलाई गई थी। इस आयोजन को देखने के लिए नृतकियों की जान-पहचान का एक युवक अपने दोस्तों के साथ रात में कार से पहुंचा। यहां पर उसने अपने पसंद के गाने पर नृत्य को लेकर कई राउंड फायरिंग की।
असलहे से निकले गोली के छर्रे पास में बैठे गांव के ही आदित्य प्रताप यादव के 12 वर्षीय बेटे नितिन की आंख पास लग गए। इसके बाद मेले में भगदड़ मच गई। ग्रामीण जब तक पूरा माजरा समझ पाते फायरिंग करने वाला युवक अपने दोस्तोें के साथ कार से फरार हो गया। इसकी सूचना पर एसओ प्रफुल्ल कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जहां पर नृतकियों से पूछताछ के बाद आयोजक मंडल के राकेश मिश्रा, हरिश्चंद व रामसमुझ को पकड़कर थाने ले आई।
पुलिस ने फायरिंग करने वाले युवक ललित मिश्रा पर हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया। वहीं थाने लाए गए आयोजक मंडल के राकेश मिश्रा, रामसमुझ व हरिश्चंद को शांतिभंग की कार्रवाई करते हुए एसडीएम की अदालत में पेश किया। जहां से सभी को 14 दिन के लिए जेल भेज दिया गया। एसओ प्रफुल्ल कुमार यादव ने बताया कि धनुष यज्ञ मेले में रात में रंगारंग कार्यक्रम के दौरान नृतकी डांस कर रही थी।
इसमें लखनऊ से नृतकी की जान- पहचान वाला भी अपने दोस्तों के साथ डांस देखने आया था। जहां पर उसके द्वारा की गई हर्ष फायरिंग में बारूद लगने से एक बालक को मामूली खरोच आई है। जिसका उपचार कराया गया। इस मामले में फायरिंग करने वाले युवक ललित मिश्रा पर हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया गया। वहीं आयोजक मंडल के तीन लोगों को 14 दिन के लिए जेल भेजा गया।
यह भी पढ़ें:-लखनऊ : दूध, जूस और तेल में मिलावट की जांच दो मिनट में, शुद्धता बतायेगी स्ट्रिप
