लखनऊ: पति की मौत के बाद महिला आरक्षी को घर से निकाला, पीड़िता ने दर्ज कराई प्राथमिकी, जानें मामला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पारा पुलिस ने दस परिवारिक सदस्यों के खिलाफ दर्ज की रिपोर्ट

लखनऊ/ काकोरी, अमृत विचार। पति की मौत के बाद ससुराल पक्ष वालों ने एक महिला आरक्षी को घर से निकाल दिया। महिला आरक्षी ने यह आरोप लगाते हुए ससुराल पक्ष वालों के खिलाफ पारा थाने में लिखित शिकायत देते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।

पारा प्रभारी निरीक्षक बृजेश वर्मा के मुताबिक, क्षेत्र के विक्रमनगर निवासी बविता वर्मा रिजर्व पुलिस लाइन में बतौर आरक्षी के पद पर तैनात हैं। लिखित शिकायत में महिला आरक्षी ने बताया कि वर्ष 2020 में उसकी शादी राजेश से हुई थी। पति कई माह से बीमार चल रहे थे। गत 27 जनवरी को बीमारी के चलते पति की मौत हो गई।

पीड़िता ने बताया कि पति की मौत के दो दिन बाद 29 जनवरी की सुबह करीब सात बजे ससुराल पक्ष से जुड़े परिवारिक सदस्य उससे गलत व्यवहार करने लगे। विरोध किए जाने पर नाते-रिश्तेदारों ने उसे बुरा-भला कहते हुए पिटाई कर दी। उसके बाद ससुराल पक्ष वालों ने उसका स्त्रीधन हड़प कर घर से भगा दिया।

हंगामा बढ़ने पर महिला आरक्षी ने फौरन पुलिस कंट्रोल रूम पर सूचना दी। जानकारी मिलते ही घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि तहरीर के आधार पर पुलिस ने ससुराल पक्ष से जुड़े दस परिवारिक सदस्यों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें:-लखनऊ: नवयुवकों के अरमानों पर फिरा पानी, नहीं मिलेगी मदद, प्रस्ताव पर शासन ने अभी तक नहीं लगाई मोहर

 

संबंधित समाचार