लखीमपुर-खीरी: अवैध खनन की शिकायत पर भड़के खनन कारोबारी, युवक की पिटाई कर फोड़ा सिर 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार: अवैध खनन की बार बार शिकायत करने से नाराज खनन पट्टा धारकों ने शादी समारोह में शामिल होने आए युवक की जमकर पिटाई कर दी। आरोप है दोनों आरोपियों ने उस पर जानलेवा हमला किया। हमले से उसका सिर फूट गया और वह घायल हो गया। थाना खीरी पुलिस ने लखीमपुर शहर निवासी खनन कारोबारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। घायल का मेडिकल परीक्षण कराया है। 

शहर के मोहल्ला शास्त्रीनगर निवासी अमित सेंगर ने बताया कि शहर की गढ़ी रोड निवासी शिल्पी सिंह के नाम गाटा सख्या 183 बी पर खनन का पट्टा हैं, जिसमें शिल्पी सिंह के देवर अखंड प्रताप सिंह और जय सिंह चौहान निवासी गढ़ी रोड पार्टनर है। अमित सेंगर ने बताया कि दोनों खनन कारोबारी पट्टे की जमीन पर नहीं कराते हैं। वह उसके आसपास पड़ी जमीन पर खनन करते हैं, जिसकी उन्होंने  डीएम, एसपी के साथ ही शासन से शिकायत की थी। 

जांच में शिकायत सही मिलने पर आरोपियों पर लाखों रुपए की पेनाल्टी भी लगाई गई थी, लेकिन उसे ले देकर आरोपियों ने निपटा लिया था। जिसकी शिकायत भी उन्होनें शासन और अफसरों से की थी। उन्होंने बताया कि मंगलवार को वह ओयल कस्बा में कुंवर गुप्ता के भाई की शादी में शामिल होने गए थे, जहां पर पहुंचे जय सिंह चौहान और अखण्ड प्रताप सिंह चौहान ने गाली गलौज करते हुए जानलेवा हमला कर दिया। 

जय सिंह चौहान ने उसके सिर पर वजनदार कोई चीज मार दी, जिससे उसका सिर फट गया। इससे वहां अफरा तफरी मच गई। लोगों ने बमुश्किल जान बचाई। वह खून से लथपथ पुलिस चौकी पहुंचे और दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी।

पुलिस ने घायल अमित सेंगर को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा। एसओ अजीत कुमार ने बताया कि घायल अमित सेंगर का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। आरोपी जय सिंह चौहान और अखंड प्रताप सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। प्रकरण की जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें- लखीमपुर-खीरी: सड़क चौड़ीकरण की उम्मीदों को लगा झटका, वन विभाग ने एनओसी समेत पेड़ों को लेकर जताई आपत्ति 

संबंधित समाचार